भोपाल, 17 मार्च 2026 : मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भारतीय जनता पार्टी का गढ़, गोविंदपुरा विधानसभा सीट में कांग्रेस पार्टी में विधानसभा चुनाव के लिए टिकट के दावेदार रविंद्र साहू झूमरवाला ने बरखेड़ा पठानी इलाके में विरोध प्रदर्शन किया।
गोविंदपुर में पब्लिक को रसोई गैस नहीं मिल रही, विधायक को चिंता नहीं है
श्री रविंद्र साहू झूमरवाला एक हाथ ठेले में कोयला भरकर ले गए और पब्लिक को अपनी ओर आकर्षित करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि आपने जिस विधायक को चुना है वह तो मंत्री बन गए लेकिन आपको रसोई गैस भी नहीं दिलवा पा रहे हैं। इसलिए मैं आपके लिए कोयला लेकर आया हूं। साहू ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार की अव्यवस्थित नीतियों के कारण आम जनता और छोटे व्यापारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गैस सिलेंडरों की कमी से गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के साथ-साथ छोटे व्यापारियों की रोजी-रोटी भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि सरकार केवल दावे और घोषणाएं कर रही है, जबकि जमीनी स्तर पर लोगों को गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं।
Protest Over Cooking Gas Issue in Govindpura, Bhopal
कांग्रेस नेता ने मांग की कि घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति तुरंत सुचारु की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस पार्टी जनहित में बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होगी। इस दौरान क्षेत्र के दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों ने भी गैस सिलेंडरों की कमी को लेकर अपनी समस्याएं साझा कीं और नाराजगी जताई।
सच बात तो यह है कि
रविंद्र भाई ने गोविंदपुरा क्षेत्र की किसी भी गैस एजेंसी के दरवाजे पर जाकर कोई प्रदर्शन नहीं किया। यह विरोध प्रदर्शन स्थानीय लोगों को आकर्षित करने के लिए था लेकिन रविंद्र भाई के विरोध प्रदर्शन में बरखेड़ा पठानी के लोकल व्यापारी शामिल नहीं हुए। रविंद्र भाई अपने पत्रकारों की टीम लेकर गए थे। फोटो वीडियो शूटिंग की और लौट आए। यह सब कुछ जनता की समस्या के समाधान के लिए नहीं बल्कि आगामी चुनाव में गोविंदपुरा विधानसभा सीट से कांग्रेस पार्टी में टिकट की दावेदारी को मजबूत करने के लिए था।

.webp)