भोपाल, 28 फरवरी 2026: होली के अवसर पर मध्य प्रदेश बस ओनर्स एसोसिएशन एवं अन्य संगठनों द्वारा किया गया अनिश्चितकालीन हड़ताल का एलान वापस ले लिया गया है। आज राजधानी में बस ऑपरेटरों ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से मुलाकात की और उसके बाद प्रस्तावित हड़ताल वापस लेने का ऐलान कर दिया।
Breaking News: Bus Strike Withdrawn in Madhya Pradesh After Meeting CM Dr Mohan Yadav
वर्तमान में मध्य प्रदेश में 19,000 से 29,000 के बीच प्राइवेट बसों का संचालन किया जा रहा है। लोगों ने होली पर घर जाने के लिए एडवांस बुकिंग करवा रखी है। इस दौरान अचानक मध्य प्रदेश बस ओनर्स एसोसिएशन एवं अन्य कुछ संगठनों ने मीडिया के माध्यम से हड़ताल का ऐलान कर दिया। बताया गया कि दिनांक 2 मार्च सुबह 6:00 बजे से मध्य प्रदेश में प्राइवेट बसों के पहिए थम जाएंगे। इस समाचार के पब्लिक में आते ही, प्राइवेट बस ऑपरेटरों के प्रति एक नेगेटिव माहौल बन गया था। लोगों का कहना था कि प्रीमियम किराया देने के बाद भी यदि अचानक हड़ताल कर दी जाएगी, तो यह यात्रियों के साथ धोखाधड़ी है।
मध्य प्रदेश में प्राइवेट बस संचालकों में हड़ताल वापस ली
मध्य प्रदेश सरकार की ओर से परिवहन मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह द्वारा हड़ताल वापस लेने की अपील की गई थी लेकिन प्राइवेट बस ऑपरेटर संगठनों ने उनकी अपील पर विचार करने से इनकार कर दिया था। लेकिन अब मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से मुलाकात के बाद प्राइवेट बस संचालकों की सभी शंकाएं दूर हो गई हैं। उन्होंने हड़ताल वापस लेने का ऐलान कर दिया है।
सबके हितों की करेंगे रक्षा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश के हर ग्रामीण अंचल तक यात्रियों को सुगम आवागमन की सुविधा मिले, इसलिए हम हर जरूरी कदम उठा रहे हैं। इस लक्ष्य के लिए हम कटिबद्ध हैं। सबके हितों की रक्षा हो और लोक परिवहन सेवा भी निर्बाध रूप से चलती रहे, यही हमारा ध्येय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम यात्रियों को विशेषकर ग्रामीण अंचल के लोगों को सुगम परिवहन की सेवा देना चाहते हैं, पर इस उद्देश्य की पूर्ति में किसी का नुकसान भी नहीं होने दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में मध्यप्रदेश बस ऑनर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधियों (बस ट्रांसपोटर्स) से चर्चा कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बस ऑपरेटर्स की सभी शंकाओं/कठिनाई का मिल-बैठकर हल निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि ऑनर्स के पदाधिकारी, परिवहन मंत्री से मिलकर अपनी सभी शंकाओं/कठिनाईयों/समस्याओं का समाधान कराएंगे। इसके लिए वे परिवहन मंत्री को भी निर्देशित कर रहे हैं। दोनों पक्षों की चर्चा और समाधान के बाद ही आगे की कार्यवाही की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शासन द्वारा जारी की गई एक सूचना एवं एक अधिसूचना को होल्ड करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव से सकारात्मक बातचीत, अपनी मांगों के संबंध में विस्तृत चर्चा एवं उपर्युक्त सूचना/अधिसूचना को होल्ड करने का आश्वासन मिलने के बाद मध्यप्रदेश बस ऑनर्स एसोसिएशन (बस ट्रांसपोटर्स) के पदाधिकारियों ने आगामी 2 मार्च 2026 से प्रारंभ होने वाली बस हड़ताल वापस ले लेने की घोषणा की है। एसोसिएशन ने विषय का संतोषजनक समाधान निकालने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव का हृदय से आभार भी जताया।
बैठक में सचिव परिवहन श्री मनीष सिंह, बस ऑनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, अन्य पदाधिकारी एवं प्रदेश के दस संभागों से आए बस ऑनर्स उपस्थित थे।

.webp)


.jpeg)