भोपाल समाचार, 15 जनवरी: मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी बकाया बिल वसूली के लिए क्या कुछ कर रही है इस मामले से स्पष्ट होता है। शहजादी बी के ऊपर कंपनी का लगभग डेढ़ लाख रुपए बकाया था। उन्होंने बिल अदा नहीं किया और कंपनी के लोग सीमा बेगम से वसूली करने पहुंच गए। लाइट काटने लगे। उन्होंने विरोध किया तो FIR दर्ज करवा दी।
घटना की पृष्ठभूमि और विवरण
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी भोपाल शहर वृत्त के पूर्व शहर संभाग अंतर्गत इंडस्ट्रियल गेट कार्यालय प्रबंधक श्री संजय बारमासे ने बताया कि बाग फरहत अफजा निवासी श्रीमती शहजादी बी द्वारा बिजली बिल बकाया 141669 रुपए जमा नहीं किया जा रहा था। उन्होंने उक्त मकान सीमा बेगम को विक्रय कर दिया। जब उन्हें (सीमा बेगम को) बताया कि इस मकान का बिजली बिल बकाया है तथा बिजली बिल का भुगतान करने के लिए कहा गया। यह भी बताया गया कि यदि बकाया बिजली बिल जमा नहीं किया तो इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई काटने की कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद सीमा बेगम ने अपने साथियों श्री आशु और श्री समीर को बुलाया। उन्होंने कर्मचारियों को भद्दी भद्दी गालियां दी तथा मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई।
श्री मनोज द्विवेदी, वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी एवं नोडल अधिकारी, म.प्र. शासन, ऊर्जा विभाग ने बताया कि, मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा आरोपितों सीमा बेगम, श्री आशु एवं श्री समीर के खिलाफ ऐशबाग थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 296(बी), 132, 351(3), 3(5) में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
कुछ सवाल जो जरूरी है
- बिजली का बिल शहजादी बी के ऊपर बकाया था तो सीमा बेगम से वसूली क्यों कर रहे थे।
- शहजादी बी का बिजली बिल उनके डिपॉजिट से ज्यादा हो गया था, तब कनेक्शन क्यों नहीं काटा।
- बिजली का उपयोग ग्राहक द्वारा किया जाता है, फिर कंपनी क्यों कहती है की प्रॉपर्टी पर बकाया है।
- जिसके ऊपर बिल बकाया है उससे वसूली के लिए कानूनी प्रावधान है, तो फिर कानूनी कार्रवाई क्यों नहीं करते?
- क्या सीमा बेगम को इस मामले की जानकारी दी गई थी। उनका कोई नोटिस दिया गया था? यदि नहीं तो कनेक्शन काटने क्यों पहुंच गए।
- क्या ग्राहक के खिलाफ मामला दर्ज करने से पहले कंपनी ने उसका पक्ष जानने की कोशिश की थी?
- कंपनी का टारगेट क्या है? ग्राहक से अच्छे संबंध बनाना या पेचीदा हो चुके मामले को FIR दर्ज करवरकर, प्रेशर क्रिएट करके सिर्फ वसूली करना।
- क्या कंपनी के पास इस विवाद का कोई वीडियो रिकॉर्ड है। कंपनी ने किस आधार पर मान लिया कि उसके कर्मचारियों ने सही और ग्राहकों ने गलत व्यवहार किया?
- रिपोर्ट : शैलेंद्र पटेल।
.webp)