Madhya Pradesh: महिला मंत्री का भाई और बहनोई गांजा तस्करी में गिरफ्तार

Updesh Awasthee
भोपाल, 8 दिसंबर 2025
: कम से कम इस मामले में आप बोल सकते हैं कि मध्य प्रदेश में कानून अपना काम करता है और सबके लिए बराबर है। मध्य प्रदेश की महिला मंत्रियों में प्रतिमा बागरी काफी लोकप्रिय है। हाल ही में उत्तर प्रदेश पुलिस ने उनके बहनोई को पकड़ा था और आज मध्य प्रदेश पुलिस ने इनके भाई को गिरफ्तार कर लिया है। सबके खिलाफ गांजा तस्करी का मामला दर्ज किया गया है।

मध्य प्रदेश में राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी के भाई अनिल बागरी को सतना पुलिस ने बड़ा झटका दिया है। पुलिस ने अनिल बागरी को गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। उनके साथी पंकज सिंह को भी पकड़ा गया है, जबकि तीसरा आरोपी शैलेंद्र सिंह अभी फरार बताया जा रहा है, हालांकि वह पहले से बांदा जेल में बंद है। पुलिस के अनुसार, सोमवार को गुप्त सूचना मिली कि महाराष्ट्र नंबर की एक कार (MH 49 BB 9699) से बड़ी खेप में गांजा ले जाया जा रहा है। पुलिस ने नाका लगाकर कार को रोका तो उसमें से 46 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। अनिल बागरी और पंकज सिंह को मौके पर ही धर दबोचा गया। 

दोनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें सतना सेंट्रल जेल भेज दिया गया। दिलचस्प बात यह है कि इसी मामले में शामिल बताया जा रहा शैलेंद्र सिंह कोई और नहीं, बल्कि राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी के बहनोई हैं, जिन्हें 3 दिसंबर को उत्तर प्रदेश की बांदा पुलिस ने 50 किलोग्राम से ज्यादा गांजा के साथ पकड़ा था। वह अभी बांदा जेल में बंद हैं। इस तरह एक ही परिवार से दो लोग कम समय में गांजा तस्करी के अलग-अलग मामलों में फंस गए हैं, जिससे सतना से महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश तक गांजा सप्लाई का नेटवर्क सामने आ रहा है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की छानबीन कर रही है। 

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!