KATNI का नाम बदलने वाला है, जानिए क्या होगा और क्यों होगा - Madhya Pradesh

Bhopal Samachar
सरकार ने हाल ही में मध्य प्रदेश की एक जिले अलीराजपुर का नाम बदलकर आलीराजपुर कर दिया, अब दूसरे जिले का नाम बदलने की तैयारी चल रही है। मध्य प्रदेश शासन की ओर से अधिकृत जानकारी दी गई है कि जिला कटनी का नाम बदल दिया जाएगा। 

मुख्यमंत्री ने की घोषणा: कटनी का नाम बदलेगा

मध्य प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि, पिछले दिनों माइनिंग कॉन्क्लेव के माध्यम से कटनी जिले में 56 हजार करोड़ रुपए का निवेश आया है। यहां व्यापार-व्यवसाय की संभावनाएं बन रही है, जिससे गरीब, युवा और किसानों की जिंदगी बदलेगी। कटनी में कोयला, लाइमस्टोन और क्रिटिकल मिनरल्स का भंडार है। अब तो यहां सोना भी मिलने वाला है। कटनी कनकपुरी बनेगा। साथ ही प्रदेश और देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन गुरुवार को कटनी के बड़वारा में विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। 

कटनी के नाम को लेकर क्या विवाद है

भाषा, संप्रदाय और क्षेत्रीयता को लेकर कोई विवाद नहीं है। बस एक पुरानी कहानी है जिसके कारण कटनी के लोग स्वयं को अपमानित महसूस करते हैं। इस कहानी में बताया गया है कि, ब्रिटिश शासन काल में इस स्थान पर कुछ डाकू और लुटेरे रहते थे। जब भी कोई व्यापारी अथवा यात्री यहां से निकलता था तो उसको लूटने के साथ-साथ उसका सिर काटकर पेड़ पर टांग देते थे। डाकू गिरोह के कारण इस इलाके का नाम काटनी पड़ गया और लोग इशारों में एक दूसरे को बताते थे कि कटनी में क्या स्थिति है और कटनी जाना है या नहीं जाना है। 

कनकपुर का मतलब क्या होता है

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि कटनी का नया नाम "कनकपुर" होगा। इसलिए यह भी जानना जरूरी है कि, कनकपुर का मतलब क्या होता है और कहीं इसमें तो कोई विवाद नहीं है। इस नाम में "पुर" का अर्थ है नगर अथवा शहर, और "कनक" का अर्थ है सोना अथवा गोल्ड। इस प्रकार कनकपुर का अर्थ हुआ "सोने का शहर"। क्योंकि यहां पर खनिज प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं और प्रत्येक खनिज को किसी ने किसी प्रकार का सोना माना जाता है। इस दृष्टि से "कनकपुर" उचित प्रतीत होता है। 

भारत में "कनकपुर" नाम के कितने शहर हैं? 

उत्तराखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश छत्तीसगढ़ में "कनकपुर" नाम के गांव हैं, असम में कस्बा है और गुजरात के सूरत शहर में एक छोटा शहर है, जो हाल ही में नगर पालिका बना है लेकिन "कनकपुर" नाम का जिला मुख्यालय कोई नहीं है। 

हिंदी में कनक शब्द का अर्थ

हिंदी भाषा में कनक शब्द के तीन अर्थ पाए जाते हैं। 1. सोना, 2. गेहूं और 3. धतूरा (जहरीला पौधा)। क प्रसिद्ध दोहा है, "कनक कनक ते सौ गुनी, मादकता अधिकाय। या खाए बौराए जग, या पाए बौराए।" इसका मतलब हुआ कि यदि पिछली वाली कहानी के आधार पर जिले का नाम बदला जा रहा है तो "कनकपुर" भी विवादित नाम ही रहेगा। सरकार सोना रहेगी और विपक्ष इसे जहर बताएगा।
रिपोर्ट: सुरेश/अशोक मनवानी/राजेश परते/मनोज श्रीवास्तव, एनालिस्ट: उपदेश अवस्थी।
भोपाल समाचार से जुड़िए
कृपया गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें यहां क्लिक करें
टेलीग्राम चैनल सब्सक्राइब करने के लिए यहां क्लिक करें
व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए  यहां क्लिक करें
X-ट्विटर पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें
Facebook पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें
समाचार भेजें editorbhopalsamachar@gmail.com
जिलों में ब्यूरो/संवाददाता के लिए व्हाट्सएप करें 91652 24289

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!