MP WEATHER: ठंड ने रिकॉर्ड तोड़े, भोपाल में 84 साल पुराना कीर्तिमान टूटने को तैयार

भोपाल, 16 नवंबर 2025
: पहाड़ों की बर्फबारी का असर मध्य प्रदेश तक पहुंच गया है। नवंबर की शुरुआत में ही कड़ाके की ठंड ने रिकॉर्ड तोड़ने शुरू कर दिए हैं। भोपाल में रात का पारा 0.3 डिग्री तक लुढ़कते ही 84 साल पुराना रिकॉर्ड टूट जाएगा। शनिवार-रविवार की रात यहां 6.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो 30 नवंबर 1941 के 6.1 डिग्री के ओवरऑल रिकॉर्ड के करीब पहुंच गया। इंदौर में भी पारा 6.4 डिग्री पर अटका, 25 साल में पहली बार इतनी गिरावट है।

जबलपुर में पहली ठंडी रात; राजगढ़, उमरिया, रीवा, छतरपुर और मंडल में शीतलहर

प्रदेशभर में सर्द हवाओं ने रफ्तार पकड़ ली है। जबलपुर में सीजन की सबसे सर्द रात रही, जहां पारा पहली बार 8.5 डिग्री पर आया। उज्जैन में 10.5 डिग्री, ग्वालियर में 10.1 डिग्री, राजगढ़ में 6 डिग्री, उमरिया में 7.3 डिग्री, रीवा में 7.4 डिग्री, छतरपुर के नौगांव में 7.6 डिग्री, मंडला-मलाजखंड में 8.8 डिग्री, शिवपुरी में 9 डिग्री, छिंदवाड़ा में 9.2 डिग्री, दमोह में 9.6 डिग्री और बैतूल में 9.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

इंदौर में एक ही रात में 3.2 डिग्री की भारी गिरावट

इंदौर में एक ही रात में 3.2 डिग्री की भारी गिरावट आई। शुक्रवार-शनिवार की रात 9.6 डिग्री था, जो रविवार को 6.4 पर सिमट गया। भोपाल-धार में 1.6 डिग्री, नर्मदापुरम, जबलपुर, मंडला-उज्जैन में 1.2 डिग्री, सिवनी में 1 डिग्री और उमरिया में 1.1 डिग्री की गिरावट रही। राजगढ़ में 0.5 डिग्री नीचे आने से पारा 6 डिग्री पर पहुंचा, जो सीजन का सबसे कम है।

मध्य प्रदेश में ठंड इसलिए बढ़ रही है

इस ठंड की वजह उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में हो रही बर्फबारी है। उत्तरी हवाएं सीधे मध्य प्रदेश में घुस आई हैं, जिससे रातें बर्फीली हो गई हैं। दिन में धूप निकलने से कुछ राहत मिल रही है, लेकिन रातें असहनीय हैं। सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने कहा, "पिछले 24 घंटों में कई जिलों में अति शीतलहर और शीतलहर का असर है। अगले तीन दिन कोल्ड वेव का अलर्ट रहेगा, उसके बाद थोड़ी राहत संभव है।"

मध्य प्रदेश के 20 जिलों में रात को ठंड का कर्फ्यू लगेगा

मौसम विभाग ने रविवार को भोपाल, इंदौर, राजगढ़, शाजापुर, देवास, सीहोर, शिवपुरी, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मैहर, कटनी, उमरिया, शहडोल, जबलपुर, डिंडोरी और अनूपपुर में शीतलहर का अलर्ट जारी किया। शनिवार को भोपाल में लगातार आठवें दिन शीतलहर चली, जबकि सीहोर, इंदौर, शाजापुर, शहडोल, जबलपुर, छतरपुर, शिवपुरी, रीवा और राजगढ़ में कोल्ड वेव का प्रकोप रहा।

30 अक्टूबर से लगातार तापमान गिर रहा है

नवंबर में ही तेज ठंड का सिलसिला शुरू हो गया है। पिछले 10 सालों से नवंबर में ठंड के साथ बारिश का ट्रेंड चल रहा है, लेकिन इस बार पहले ही सप्ताह में कड़ाके का दौर आ गया। भोपाल में 30 अक्टूबर को दिन का तापमान 24 डिग्री रहा, जो 25 सालों का सबसे ठंडा दिन था। उज्जैन, छतरपुर, नरसिंहपुर जैसे शहरों में भी पारा 24 डिग्री से नीचे रहा। तब से लेकर अब तक ठंड बढ़ती जा रही है और तापमान गिरता जा रहा है।

पांच बड़े शहरों में नवंबर का मौसम ट्रेंड

भोपाल: 10 साल में तीन बार नवंबर में बारिश हुई। रात का पारा 9-12 डिग्री तक गिरता है। 1941 का रिकॉर्ड 6.1 डिग्री है जो टूटने वाला है। 1936 में साढ़े पांच इंच बारिश हुई थी।

इंदौर: दूसरे सप्ताह से पारा 10-12 डिग्री पर चल रहा है। 1938 का रिकॉर्ड 5.6 डिग्री बना हुआ है। कभी-कभार बारिश, दिन में 31-33 डिग्री होता है।

ग्वालियर: 10 सालों में न्यूनतम 8 डिग्री होता है। 1970 का रिकॉर्ड 3 डिग्री पहुंच गया था। 1927 में तीन इंच से ज्यादा बारिश हुई थी। 2001 में 2 नवंबर को 37.3 डिग्री का हाई भी बना था।

जबलपुर: 2022 में 7.8 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा। 1989 का रिकॉर्ड 3.9 डिग्री रहा है। 1946 में छह इंच बारिश हुई थी। 

उज्जैन: न्यूनतम 10-11 डिग्री होता है। 1974 का रिकॉर्ड 2.8 डिग्री हो गया था। 2008 में 6 नवंबर को 36.5 डिग्री हाई बना था। 

दो दिन बाद राहत की उम्मीद

भोपाल, राजगढ़ और रीवा में तीव्र शीतलहर, सीहोर, इंदौर, शाजापुर, सतना, शहडोल, जबलपुर, खजुराहो, नौगांव और शिवपुरी में शीतलहर और राजगढ़ में 6.5 डिग्री सीजन का सबसे कम तापमान रहा। हवाओं का रुख उत्तर-उत्तर-पूर्वी है। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी पीके रायकवार ने बताया, "दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में श्रीलंका के पास कम दबाव का क्षेत्र रविवार तक पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेगा।"

मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला ने कहा, "सर्द हवाओं के कारण कड़ाके की ठंड दो दिन और रहेगी। उसके बाद नमी आने से राहत मिलेगी। आसपास के राज्यों में भी तापमान कम है। हवाओं की गति मंद होने से रातें ठंडी बनी हुई हैं। बंगाल की खाड़ी के कम दबाव से दो दिन बाद नमी के साथ ठंड कम हो सकती है।"

प्रदेशवासी गर्म कपड़ों और सावधानी बरतें। ठंड के इस दौर में स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बुजुर्गों और बच्चों को घर में रखने की सलाह दी है।
भोपाल समाचार से जुड़िए
कृपया गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें यहां क्लिक करें
टेलीग्राम चैनल सब्सक्राइब करने के लिए यहां क्लिक करें
व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए  यहां क्लिक करें
X-ट्विटर पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें
फेसबुक पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें
समाचार भेजें editorbhopalsamachar@gmail.com
जिलों में ब्यूरो/संवाददाता के लिए व्हाट्सएप करें 91652 24289

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!