BHOPAL NEWS - मिनाल रेजिडेंसी के सामने इंदौर से आए स्टूडेंट की हत्या, पेट्रोल पंप पर हुआ था विवाद

Updesh Awasthee
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में स्थित मिनाल रेजिडेंसी के गेट नंबर 3 के सामने इंदौर से आए एक स्टूडेंट की हत्या कर दी गई। हत्या के पीछे कोई बड़ा कारण नहीं था। पेट्रोल पंप पर पहले पेट्रोल भरवाने को लेकर लड़ाई हो गई थी। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल पर सीसीटीवी कैमरा नहीं है, इसलिए हथियारों की पहचान नहीं हो पाई। सवाल यह है कि पेट्रोल पंप पर तो सीसीटीवी कैमरा है। वहां से पहचान क्यों नहीं की। इस मामले में पुलिस की पेट्रोलिंग पर भी सवाल उठते हैं। क्योंकि रात के समय अपराधी हथियार लेकर घूम रहे थे। यदि पुलिस अपने चेक पॉइंट पर तैनात होती और एक बाइक पर तीन सवारी को रोक कर तलाशी लेती तो उनके हाथ अपराधी लग जाते और शायद यह हत्या नहीं होती।

BA LLB का स्टूडेंट संस्कार बघेले इंदौर से भोपाल आया था

अयोध्या नगर पुलिस थाने के टीआई महेश लिल्लारे ने बताया कि संस्कार बघेले (22) इंदौर का रहने वाला था। वह प्राइवेट कॉलेज से बीए एलएलबी कर रहा था। मंगलवार को घूमने के इरादे से भोपाल आया था। संस्कार यहां अयोध्या नगर में रहने वाले दोस्त के घर ठहरा था। दोस्त अनमोल के साथ वो बुधवार सुबह पांच बजे चाय पीने बाइक से स्टेशन के लिए रवाना हुआ। दोनों दोस्त पेट्रोल भरवाने के लिए मिनाल गेट नंबर तीन के पड़ोस में बने पेट्रोल पंप पर रुके।

BHOPAL TODAY: संस्कार बचने के लिए भागा लेकिन गुंडो ने चाकू मार दिया

ठीक इनके बाद एक बाइक पर सवार तीन युवक भी यहां पहुंचे और गाड़ी संस्कार की बाइक के पड़ोस में खड़ी कर पेट्रोल पंप कर्मचारी पर पहले अपनी बाइक में पेट्रोल डालने का दबाव बनाने लगे। इसका संस्कार और अनमोल ने विरोध किया। अपना विरोध होता देखकर आरोपियों ने दोनों दोस्तों पर हमला किया। बचने के लिए दोनों दोस्त मिनाल गेट नंबर तीन की तरफ भागे और सड़क पार करने की कोशिश की। इसी बीच आरोपियों ने संस्कार को जमीन पर गिरा दिया। उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। एक युवक ने चाकू निकालकर संस्कार के सीने में घोंप दिया। इसके बाद भाग निकले।

CCTV कैमरे नहीं थे, आरोपियों की पहचान नहीं

घायल संस्कार को दोस्त ने इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई। टीआई के मुताबिक जहां हत्या की गई वहां सीसीटीवी कैमरे नहीं थे। लिहाजा पूरा घटनाक्रम कैमरे में कैद नहीं हुआ है। अहम सुराग हाथ लगे हैं, जल्द आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!