BHOPAL में मिली लड़की की लाश की पहचान हुई, पत्थर पर सिर पटक-पटक कर मारा गया है - CRIME NEWS

भोपाल
। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के गांधी नगर क्षेत्र में पतंजलि परिसर के एक खाली प्लॉट में मिली महिला की लाश की पहचान हो गई है। महिला विदिशा जिले की रहने वाली है। पति से अलग होने के बाद भोपाल में रह रही थी। उसकी बड़ी ही बेरहमी के साथ हत्या की गई है। एक पत्थर पर उसका सिर कई बार पटका गया। जिसके कारण उसकी मौत हो गई। फिर लाश की पहचान छुपाने के लिए चेहरे को पत्थरों से कुचल दिया गया।

हत्यारे की पहचान बताने वाले को ₹10000 इनाम

बताया जाता है कि वह तीन दिन से लापता थी। हत्या से पहले उससे जमकर मारपीट की गई। उसके सिर को जमीन पर पटक-पटककर उसे मारा गया। हालांकि अभी हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। भोपाल पुलिस ने इस मामले में उत्तर प्रदेश शासन से भी मदद मांगी थी। डीआईजी इरशाद वली ने मृतका और हत्यारे के बारे में किसी भी तरह की जानकारी देने पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। पुलिस ने इस मामले में दो से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया है।

विदिशा की महिला की लाश भोपाल में मिली

एसपी नार्थ विजय कुमार खत्री ने बताया कि महिला की शिनाख्त मूलत: शमशाबाद विदिशा निवासी 24 साल की कृष्णा अहिरवार के रूप में हुई। वह निशातपुरा के करोंद क्षेत्र में अकेले रहती थी और प्राइवेट जॉब करती थी। उसकी शिनाख्त छोला में मंदिर थाने क्षेत्र में रहने वाले उसके दो भाइयों ने गुरुवार दोपहर बाद की। वह दो दिन से लापता थी।

झांसी और सागर तक खोजबीन की गई थी

शव की शिनाख्ती के लिए सागर से लेकर झांसी तक की पुलिस से संपर्क किया गया था, लेकिन लाश मिलने के 24 घंटे बाद भी शव की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। ऐसे में पुलिस की सबसे पहली चुनौती मृतका की शिनाख्त करने की थी, जिसे पार करने में पुलिस ने कामयाबी हासिल कर ली है।

महिला का सिर जमीन पर पटक-पटक कर निर्मम हत्या की गई है

पुलिस के अनुसार मृतका के शरीर पर चोटों के कई घाव मिले हैं। हत्या के पहले महिला से जमकर मारपीट की गई। उसके पैर, हाथ और शरीर के हिस्सों में चोटें हैं। इतना ही नहीं उसका सिर जमीन पर बार-बार पटक कर हत्या की गई। उसके बाद पत्थर से उसका चेहरा और सिर कुचला गया।

शादी के एक साल बाद ही पति को छोड़ दिया था

कृष्णा की शादी करीब तीन साल पहले शमशाबाद, विदिशा में हुई थी। शादी के बाद उसे एक बेटी हुई थी। वह बेटी अभी दादा के घर पर रहती है। उनकी अरेंज मैरिज हुई थी। शादी के एक साल बाद ही वह पति को छोड़कर आ गई थी। उसके बाद वह भोपाल के निशातपुरा में मायके से दूर किराए से रह रही थी।

पतंजलि परिसर भोपाल एक खाली प्लॉट में मिला था महिला का शव

गांधी नगर पुलिस के अनुसार बुधवार शाम बीडीए कॉलोनी के पास स्थित पतंजलि परिसर के एक सुनसान प्लाट की झाड़ियों में महिला का शव मिला था। लोगों की सूचना पर शव बरामद कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला के चेहरे और सिर पर पत्थर से मारने के घाव मिले थे। पास ही खून से सना पत्थर भी मिला है। वह नीले रंग का जींस और टॉप पहने हुए थी। पोस्टमार्टम में किसी भारी चीज से हत्या करने की पुष्टि हुई है।

12 से अधिक शहरों की पुलिस से संपर्क किया गया

गांधी नगर पुलिस ने मृतका की शिनाख्त के लिए भोपाल के सभी थानों में इसकी सूचना दी, ताकि इस उम्र की गायब महिला की जानकारी मिल सके। इसके अलावा सीहोर, रायसेन, विदिशा, सागर और होशंगाबाद समेत 12 से ज्यादा शहरों की पुलिस से संपर्क कर जानकारी साझा की गई। इसके अलावा पुलिस ने उत्तर प्रदेश की झांसी पुलिस से भी संपर्क किया है। स्थानीय पुलिस से मृतका की शिनाख्त किए जाने के लिए सहयोग मांगा गया था।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !