JABALPUR: पति ने चरित्र संदेह में पत्नी को कुल्हाड़ी से काट डाला - MP NEWS

जबलपुर।
 मध्य प्रदेश के पत्नी को गांव के एक युवक के साथ देख चरित्र संदेह की आग में पति रात भर जलता रहा। तड़के दरवाजा बंद कर पत्नी पर कुल्हाड़ी से जानलेवा वार कर दिया। चीख सुनकर बीच-बचाव में सास को भी घायल कर दिया। पड़ोसियों ने किसी तरह महिला और उसकी मां को बचाया और अस्तपताल पहुंचाया। पुलिस ने हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया है।

जानकारी के अनुसार भड़पुरा निवासी ममता बाई के घर शुक्रवार को नशे की हालत में गांव का रम्मू राजपूत आया था। ममता ने घर में किसी के न होने का हवाला देकर उसे चलता कर दिया था। उसी समय उसका पति सियाराम बर्मन घर पहुंचा था। रम्मू कुठलिया में छिप गया था। कुछ देर बाद ममता बाई लकड़ी व कंडा लेने कुठलिया में गई तो वहां रम्मू राजपूत को देख वापस लौट गई। इसके बाद रम्मू भी वहां से भाग निकला। उसे भागते हुए सियाराम ने देख लिया। रम्मू के इस तरह भागने पर सियाराम को संदेह हुआ और घर पहुंच कर उसने पत्नी के साथ मारपीट की। 

ससुर गुट्‌टी लाल ने बहू के मायके वालों को बुलाया। उसके भाई व मां पहुंचे। सभी ने सियाराम को समझाया। रात में ही भाई चला गया, लेकिन उसकी मां रुक गई थी। ममता बाई बच्चो व अपनी मां के साथ कमरे में सोने चली गई। पति बाहर चूल्हा जलाकर आग तापता रहा। रात 3.50 बजे सियाराम कुल्हाड़ी लेकर कमरे में पहुंचा। दरवाजा बंद कर गेहूं की दो बोरी को दरवाजे पर अड़ा दिया, जिससे कोई अंदर न आ पाए। पति सियाराम ने पत्नी पर रम्मू से संबंधों का आरोप लगाते हुए कुल्हाड़ी से पेट व हाथ पर वार कर दिया। वह पत्नी को जान से मारने की धमकी दे रहा था। उसकी मां किशना बाई बीच-बचाव करने लगी तो उसके सीने व पैर में कुल्हाड़ी से वार कर दिया। शोर सुनकर पड़ोसी और रिश्तेदार पहुंचे तो सियाराम बर्मन भाग गया। पुलिस ने मारपीट, धमकी व हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया है।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !