भोपाल नाव हादसा: जिंदा बचे युवक ने बताया घटना का वृतांत | BHOPAL NEWS

भोपाल। गणेश प्रतिमा विसर्जन के समय खटलापुरा घाट पर हुए हादसे में श्रद्धालुओं से भरीं 2 नौकाएं पलट गईं। 11 युवकों की मौत हो गई। 6 जिंदा बच गए क्योंकि तत्काल एक अन्य नाव वहां मदद के लिए पहुंच गई थी। जिंदा बचकर आए युवक कमल राना ने घटना का पूरा विवरण सुनाया: 

मौके पर कोई पुलिस वाला नहीं था

100 क्वाटर इलाके में रहने वाले कमल राना ने बताया- हम लोग रात करीब 3 बजे खटलापुरा घाट पर पहुंचे। यहां पुलिस का कोई जवान नहीं था। कोई किसी को रोकने टोकने वाला नहीं था। हमने घाट पर मौजूद नाव वालों से गणेश प्रतिमा विसर्जन की बात की। उन्होंने पहले दो हजार रुपए मांगे। बाद में एक हजार रुपए में बात तय हुई। नाविकों ने दो नावों को जोड़ने के लिए दो लोहे की चद्दर वाले पटले रख लिए। 

नाव में अचानक पानी भरने लगा

उन्होंने बताया, 'प्रतिमा विसर्जन के लिए बस्ती से करीब 70-80 लोग आए थे। सभी ने आरती के बाद प्रतिमा को नाव में रख दिया। इसके बाद हम 19-20 लड़के नाव में प्रतिमा विसर्जन के लिए बैठ गए। नाव कुछ दूर ही गई होगी कि प्रतिमा वाली साइड से नाव में पानी भरने लगा।'

नाविक ने कहा कुछ नहीं होगा

'जब हम लोगों ने यह बात नाविक को बताई तो उसने दूसरी तरफ बैठने को कहा। कुछ लोग दूसरी नाव में आकर बैठ गए। जैसे ही हम लोग दूसरी नाव में बैठे इसमें भी तेजी से पानी भरने लगा। हम लोगों ने नाविक को बताया तो उसने कहा कुछ नहीं होगा।' 

पहली नाव डूबी, फिर दूसरी भी डूबने लगी

कमल बताते हैं, 'फिर कुछ मिनट बाद नाविक ने हमसे प्रतिमा विसर्जित करने को कहा। हमने प्रतिमा को धक्का दे दिया। जैसे ही प्रतिमा को धक्का दिया नाव का बैलेंस बिगड़ गया और नाव डूबने लगी। हमारे साथी नाव में बैठे-बेठे ही डूबने लगे। कुछ कूद गए। मैं भी तैरकर दूसरी नाव तक पहुंचा। लेकिन वो भी डूबने लगी।'

एक नाव आई उसमें चढ़ गया

'मेरे दोस्त मेरे सामने डूब गए। मुझे तैरना आता था। थोड़ी देर तालाब में तैरता रहा लेकिन कुछ कर नहीं सका। इसके बाद एक नाव आई उसमें चढ़ गया। तब तक सभी डूब गए थे। नाव में मेरे साथ मेरा भाई हरि भी सवार था। मैंने थोड़ी देर उसे तैरकर इधर-उधर देखा लेकिन तब तक वह डूब गया था।'


नाविकों के खिलाफ मामला दर्ज

नाव हादसे में फरियादी निर्मल कुमार दास पिता दिलीप कुमार दास निवासी 1100 क्वाटर पिपलानी की रिपोर्ट पर नाव चलाने वाले (नाविक) आकाश बाथम एवं चंगु बाथम के विरुद्ध थाना जहांगीराबाद में अपराध क्रमांक 1033/19 धारा 304(A) भादवि० का पंजीबद्ध किया गया है।

मृतकों के नाम व पते:-

1- परवेज़ पिता सईद खान उम्र 15 साल निवासी 1100 क्वाटर पिपलानी।
2- रोहित मौर्य पिता नंदू मौर्य उम्र 30 साल निवासी 1100 क्वाटर पिपलानी।
3- करण पिता...... उम्र 16 साल निवासी 1100 क्वाटर पिपलानी।
4- हर्ष पिता ..... उम्र 20 साल निवासी 1100 क्वाटर पिपलानी।
5-सन्नी ठाकरे पिता नारायण ठाकरे उम्र 22 साल निवासी 1100 क्वाटर पिपलानी।
6- राहुल वर्मा पिता मुन्ना वर्मा उम्र 30 साल निवासी 1100 क्वाटर पिपलानी।
7- विक्की पिता रामनाथ उम्र 28 साल निवासी 1100 क्वाटर पिपलानी।
8-विशाल पिता राजू उम्र 22 साल निवासी 1100 क्वाटर पिपलानी।
9-अर्जुन शर्मा पिता......उम्र 18 साल निवासी 1100 क्वाटर पिपलानी।
10-राहुल मिश्रा पिता ......उम्र 20 साल निवासी 1100 क्वाटर पिपलानी।
11- करण पिता पन्नालाल उम्र 26 साल निवासी 1100 क्वाटर पिपलानी।
Tags

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !