Bhopal में भारत के दिग्गज आयुर्वेद डॉक्टर्स तीन दिन के लिए उपलब्ध

Updesh Awasthee
भोपाल, 17 फरवरी 2026:
यदि आप किसी अनुभवी और राष्ट्रीय स्तर के आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉक्टर का इंतजार कर रहे हैं अथवा ऐसी किसी बीमारी से परेशान है, तो आने वाले तीन दिन आपके लिए बहुत उपयोगी हो सकते हैं। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के पंडित खुशी लाल शर्मा आयुर्वेद महाविद्यालय एवं संस्थान में एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है जिसके तहत देश के दिग्गज आयुर्वेद डॉक्टर्स परामर्श के लिए उपलब्ध रहेंगे। 

उन्नत चिकित्सा पद्धतियों पर रहेगा जोर 

संस्थान के प्राचार्य डॉ. उमेश शुक्ला ने जानकारी दी कि इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य पंचकर्म की आधुनिक एवं उन्नत चिकित्सा पद्धतियों की विस्तृत जानकारी देना और उनका प्रायोगिक प्रशिक्षण प्रदान करना है। इस आयोजन के माध्यम से चयनित रोगियों को स्वास्थ्य लाभ पहुँचाने का लक्ष्य रखा गया है। कार्यशाला में देश के विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों से पंचकर्म विशेषज्ञ शिरकत कर रहे हैं। 

विशेषज्ञों का कार्यक्रम और परामर्श का समय 

आम नागरिकों की सुविधा के लिए विशेषज्ञों की उपलब्धता सुपर स्पेशलिटी पंचकर्म सेंटर में सुनिश्चित की गई है।विवरण इस प्रकार है:
19 फरवरी: सुबह 9:00 से 10:30 बजे तक तिरुवनंतपुरम के डॉ. पी मुरली कृष्ण ऑटिज्म, माइग्रेन, ग्रहणी रोग और सोरायसिस के मरीजों को परामर्श देंगे। इसके पश्चात, 10:30 से 11:30 बजे तक नागपुर के डॉ. सचिन चंदलिया तंत्रिका एवं स्पाइन से संबंधित रोगों की जाँच करेंगे।
20 फरवरी: सुबह 10:30 से 12:00 बजे तक दिल्ली के डॉ. संतोष कुमार भटेड़ मोटापा, कोलेस्ट्रॉल और जीवनशैली से जुड़े रोगों पर परामर्श देंगे। दोपहर 12:00 से 01:00 बजे तक वर्धा की डॉ. पूनम सावरकर कमर दर्द, मधुमेह और लकवा के रोगियों के लिए उपलब्ध रहेंगी।
21 फरवरी: सुबह 09:30 से 11:00 बजे तक जयपुर के डॉ. गोपेश मंगल अस्थि मज्जागत वात (AVN) का परामर्श देंगे। वहीं, सुबह 11:00 से 12:30 बजे तक दिल्ली के डॉ. प्रवेण कुमार तंत्रिका एवं रीढ़ संबंधी रोगों के मरीजों को देखेंगे। 

पंजीयन और महत्वपूर्ण निर्देश 

संस्थान ने स्पष्ट किया है कि विशेषज्ञों द्वारा इन गंभीर बीमारियों से ग्रसित चयनित रोगियों को निःशुल्क परामर्श दिया जाएगा। चूंकि परामर्श के लिए संख्या सीमित है, इसलिए इच्छुक नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे अपने मेडिकल रिकॉर्ड के साथ उपस्थित हों और असुविधा से बचने के लिए पूर्व में पंजीयन अवश्य करा लें।
स्वास्थ्य जगत की ऐसी ही अन्य खबरों के लिए बने रहिए हमारे साथ।
Tags

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!