नर्मदापुरम: तीन प्रत्याशियों को BJP ने लावारिस छोड़ दिया, कोई स्टार प्रचार नहीं आया | MP ELECTION

भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव 2018 में भाजपा के हेलीकॉप्टर आसमान में पंछियों की तरह इधर से उधर उड़ते नजर आए। कुछ सीटें तो ऐसी हैं जहां आधा दर्जन से ज्यादा स्टार प्रचारक पहुंचे परंतु नर्मदापुरम संभाग की 3 सीटें ऐसी हैं जहां स्टार प्रचारकों की लिस्ट में सबसे खाली बैठा नेता भी नहीं भेजा गया। तीनों प्रत्याशियों को पार्टी ने उनके हाल पर लावारिस सा छोड़ दिया। 

होशंगाबाद की पत्रकार सुरभि नामदेव की एक रिपोर्ट के अनुसार नर्मदापुरम की आरक्षित विस सीटों पिपरिया, भैंसदेही, घोड़ाडोंगरी पर भाजपा का प्रचार करने एक भी स्टार प्रचारक नहीं आया न कोई बड़ी आमसभा हुई जबकि जातिगत समीकरण संभालने उमा भारती ने सिवनी मालवा में दो बार और हरदा में हेमा मालिनी ने आमसभा को संबोधित किया। कांग्रेस के कमलनाथ होशंगाबाद जिले की 4 और बैतूल जिले की पांचों सीटों के लिए प्रचार करने पहुंचे। दोनों प्रमुख दलों के लिए प्रतिष्ठा का केंद्र बनी होशंगाबाद सीट के लिए सबसे ज्यादा बड़े नेता यहां पहुंचे। 

सिवनीमालवा में सबसे ज्यादा आए स्टार प्रचारक 

सिवनीमालवा से उम्र के कारण सरताज सिंह का टिकट काटकर भाजपा ने 67 वर्षीय प्रेमशंकर वर्मा को मैदान में उतारा। एक वृद्ध को हटाकर दूसरे वृद्ध को टिकट तो दे दिया लेकिन जनता का रुख देखकर पार्टी को पसीने आ गए। वर्मा के प्रचार में सबसे ज्यादा स्टार प्रचारक आए। भाजपा की सबसे मजबूत सीट माने जाने वाली सिवनीमालवा विस सीट जीतना अब भाजपा को चुनौती लग रही है। केंद्रीय मंत्री उमा भारती दो बार, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने सिवनीमालवा, केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने विस सीट के डोलरिया में सभा ली। जबकि कांग्रेस से केवल प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ एक बार ही आए। 

होशंगाबाद-इटारसी 

भाजपा - केंद्रीय मंत्री उमा भारती, केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी (होशंगाबाद), यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ (इटारसी) 
कांग्रेस- कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ, विवेक तनखा (होशंगाबाद) और ज्योतिरादित्य सिंधिया (इटारसी)। 

सोहागपुर 

भाजपा- मुख्यमंत्री शिवराज सिंह सोहागपुर पहुंचे। सेमरीहरचंद में राजनाथ सिंह ने भाजपा के पक्ष में आमसभा को संबोधित किया। 
कांग्रेस- कमलनाथ ने कांग्रेस के प्रत्याशी के पक्ष में आमसभा को संबोधित किया। 

टिमरनी: 

भाजपा- सीएम शिवराज सिंह चौहान ने टिमरनी के रहटगांव में सभा की। 
कांग्रेस- कोई स्टार प्रचारक नहीं पहुंचे। 

मुलताई-आमला : 

भाजपा- सीएम शिवराज सिंह चौहान । 
कांग्रेस- कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ। 

बैतूल: 

भाजपा- भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने सभा की। 
कांग्रेस- कमलनाथ, नवजोत सिंह सिद्धू। 

सिवनीमालवा 

भाजपा- केंद्रीय मंत्री उमा भारती दो बार सिवनीमालवा पहुंचीं। सीएम शिवराज सिंह ने सिवनीमालवा में सभा ली, राजनाथ सिंह ने सिवनीमालवा के डोलरिया में सभा की। 
कांग्रेस- कमलनाथ ने सिवनी मालवा में कांग्रेस के पक्ष में सभा को संबोधित किया। 

पिपरिया 

भाजपा- भाजपा का कोई भी स्टार प्रचारक नहीं पहुंचा। 
कांग्रेस- कमलनाथ ने कांग्रेस के पक्ष में प्रचार किया। 

भैंसदेही: 

भाजपा- कोई स्टार प्रचारक नहीं पहुंचे। 
कांग्रेस- कमलनाथ ने कांग्रेस के पक्ष में सभा ली। 

हरदा 

भाजपा- हंडिया में अभिनेत्री और सांसद हेमामालिनी, खिरकिया में केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने सभा की 
कांग्रेस- कोई भी स्टार प्रचारक हरदा में कांग्रेस के पक्ष में नहीं पहुंचे। 

घोड़ाडोंगरी: 

भाजपा- कोई स्टार प्रचारक नहीं पहुंचे। 
कांग्रेस- कमलनाथ ने आमसभा को संबोधित किया। 

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !