ग्वालियर-चंबल जातीय हिंसा: निष्पक्ष जांच होगी, मुआवजा देंगे: शिवराज सिंह

Updesh Awasthee
भोपाल। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि विगत 2 अप्रैल को भारत बंद के दौरान ग्वालियर-चंबल संभाग में हुई घटना की निष्पक्ष जांच कराई जायेगी। निर्दोष व्यक्तियों पर कोई कार्यवाही नहीं होगी। साथ ही इसमें हुई जन-धनहानि के लिए प्रभावितों को उचित सहायता राशि दी जायेगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने यह बात आज यहाँ मंत्रालय में एक प्रतिनिधिमंडल से भेंट के दौरान कही। 

उन्हें प्रतिनिधि मंडल ने ग्वालियर-चंबल संभाग में विगत 2 अप्रैल को हुई घटना की निष्पक्ष जांच कराने और इसमें हुई जनहानि के लिए प्रभावितों को राहत राशि देने के संबंध में ज्ञापन दिया। मुख्यमंत्री ने प्रभावितों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने और घटना की निष्पक्ष जांच कराने के निर्देश दिए हैं।

इस मौके पर जनसंपर्क मंत्री श्री नरोत्तम मिश्रा, जनजातीय कार्य,  अनुसूचित जाति कल्याण राज्य मंत्री श्री लाल सिंह आर्य, विधायक मेहगांव श्री मुकेश चौधरी, प्रदेश भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के कोषाध्यक्ष श्री बारेलाल अहिरवार, अनुसूचित जाति मोर्चा भोपाल जिलाध्यक्ष श्री यशवंत राव, श्री प्रवीण मेश्राम बालाघाट एवं श्री रामस्वरूप शुक्रवारे भोपाल आदि उपस्थित थे।

उल्लेखनीय है कि विगत 2 अप्रैल को भिंड में अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के संबंध में सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिए गए निर्देशों के विरोध में प्रदर्शन हुआ था। इस दौरान कुछ स्थानों पर अप्रिय घटनायें हुई।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!