पेड़ पर लटकीं हैं युवक-युवती की लाशें, नीचे पुलिस पहरा दे रही है | DAMOH NEWS

Updesh Awasthee
भोपाल। दमोह में एक प्रेमी युगल की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। पेड़ पर 40 फीट की ऊंचाई पर युवक युवती के शव लटके हुए हैं लेकिन 48 घंटे बाद भी उन्हे नीचे नहीं उतारा गया। पुलिस को शक है कि मामला हत्या का भी हो सकता है अत: स्पेशलिस्ट बुलाए गए हैं। जब तक वो नहीं आ जाते शव नीचे नहीं उतारे जाएंगे। परिजन या ग्रामीण सबूतों से छेड़छाड़ ना कर दें इसलिए शव के नीचे पुलिस तैनात कर दी गई है। बताया जा रहा है कि युवती अवयस्क है जबकि युवक वयस्क। 

पत्रकार आशीष कुमार जैन की रिपोर्ट के अनुसार मामला तेजगढ़ थाना क्षेत्र के देवरी जमादार गांव का है। यहां 10वीं में पढ़ने वाली छात्रा को गांव में ही रहने वाले एक युवक से मोहब्बत हो गई थी। दोनों के बीच करीब एक साल से अफेयर चल रहा था। परिजनों ने कुछ समय पहले दोनों को एक साथ पकड़ा भी था। प्यार पर पहरे के बावजूद दोनों के दिलों की दूरियां कम नहीं हुई। माना जा रहा है कि मंगलवार रात को घर से भागने के कुछ ही देर बाद दोनों ने एक साथ मौत को गले लगा लिया।

वहीं, घर से भागने के बाद दोनों के परिजनों ने बुधवार सुबह से उनकी तलाश शुरू कर दी थी। दोपहर करीब दो बजे कुछ ग्रामीणों ने दोनों के शव को पेड़ पर लटका हुआ देखा, जिसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। शाम को करीब 6 बजे पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन करीब 40 फीट ऊंचाई पर दोनों के शव लटके होने की वजह से नीचे नहीं उतारे जा सके।

लड़की के नाबालिग होने और प्रेमी के वयस्क होने की वजह से भी मामला काफी गंभीर है। इस वजह से फोरेंसिक टीम की जांच के बाद ही शव को नीचे उतारा जाएगा। फिलहाल पुलिस ने शव की सुरक्षा के लिए कांस्टेबल की ड्यूटी लगा दी है।

दरअसल, मौके का मुआयना करने के बाद पुलिस को आशंका है कि कपल के सुसाइड का मामला हत्या का भी हो सकता है। इसके लिए भी फोरेंसिक विशेषज्ञ की जांच के बाद ही शव को नीचे उतारने का फैसला लिया गया। पुलिस को आशंका इसलिए है, क्योंकि पेड़ की ऊंचाई 40 फीट है। ऐसे में दोनों इतनी ऊंचाई पर पेड़ पर कैसे चढ़े होंगे। दोनों के शव एक ही रस्सी से बंधे हैं। इससे भी पुलिस का शक गहरा रहा है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!