Mahindra Finance के ऑफिस में कर्जदार युवक ने खुद को आग लगा ली, हालत गंभीर

Updesh Awasthee
सागर, 12 जून 2026:
महिंद्रा फाइनेंस कंपनी के ऑफिस में एक युवक ने अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। युवक ने कंपनी से कार लोन लिया था। उसकी केवल दो किस्त बाकी थी। इसके बावजूद कंपनी वालों ने वसूली के लिए उसे परेशान किया। वसूली के लिए लोगों को घर पर भेजा और कार जप्त कर ली थी। युवक इतना परेशान हो चुका था कि वह अपने साथ पेट्रोल लेकर गया था। 

Loan Borrower Sets Himself on Fire at Mahindra Finance Office, Condition Critical

मकरोनिया थाना पुलिस के मुताबिक, घटना शुक्रवार दोपहर की है। जैसीनगर निवासी नीलेश कुमार जैन ने महिंद्रा फाइनेंस से कार फाइनेंस कराई थी। दो किस्तें बकाया होने के कारण कंपनी ने दमोह से वाहन जब्त कर लिया था। शुक्रवार को नीलेश कार वापस लेने के लिए फाइनेंस कंपनी के कार्यालय पहुंचे थे। कार को लेकर उनकी कंपनी के अधिकारियों से बहस हो गई। इसी दौरान उन्होंने अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। अचानक हुई घटना से कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई। 

महिंद्रा फाइनेंस कंपनी वाले 10 दिन से परेशान कर रहे थे

कर्मचारियों और अधिकारियों ने आग बुझाने का प्रयास किया। इस दौरान ब्रांच मैनेजर भी झुलस गए। गंभीर रूप से झुलसे नीलेश को पहले बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन हालत नाजुक होने पर उन्हें निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायल युवक के रिश्तेदार नीरज कुमार जैन ने आरोप लगाया कि कार की केवल दो किस्तें बाकी थीं, इसके बावजूद कंपनी ने वाहन जब्त कर लिया था। उनका कहना है कि पिछले 10 दिनों से कंपनी की ओर से दबाव बनाया जा रहा था।

पैसे जमा कर दिया फिर भी कार वापस नहीं कर रहे थे

घर पर लोगों को भी भेजा गया था। परिजनों का दावा है कि गुरुवार को बकाया राशि भी जमा करा दी गई थी, इसके बाद शुक्रवार को नीलेश कार्यालय पहुंचे थे, जहां विवाद के बाद यह घटना हो गई। एडिशनल एसपी लोकेश सिंहा ने बताया कि फाइनेंस कंपनी कार्यालय में एक व्यक्ति ने ज्वलनशील पदार्थ डालकर खुद को आग लगाई है। प्राथमिक जांच में वाहन फाइनेंस को लेकर विवाद की बात सामने आई है। मामले में जांच की जा रही है और सभी बिंदुओं पर पड़ताल के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!