भोपाल में आतंकवादी निरोधक दस्ते की बड़ी कार्रवाई, काजी कैंप क्षेत्र से बाहरी युवक को पकड़ा

Updesh Awasthee
भोपाल, 12 जून 2026:
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS-Anti Terrorist Squad) की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। पिन पॉइंट इनपुट के आधार पर ATS ने काजी कैंप क्षेत्र में एक मस्जिद के नजदीक से, एक युवक को गिरफ्तार किया है। बताया गया है कि वह जिहाद की ट्रेनिंग लेने के लिए अफगानिस्तान जाने वाला था। युवक भोपाल का रहने वाला नहीं है। ATS उसके लोकल कांटेक्ट और भोपाल आने के उद्देश्य के बारे में पता लग रही है। 

पाकिस्तान से भेजे गए भारत विरोधी दस्तावेज बरामद हुए

बताया जा रहा है कि ATS ने आरोपी को भोपाल के काजी कैंप क्षेत्र स्थित नन्हें बी की मस्जिद के पास से हिरासत में लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह कथित तौर पर विशेष ट्रेनिंग के लिए अफगानिस्तान जाने की तैयारी कर रहा था। सूत्रों के अनुसार, आरोपी मोहम्मद फराज के कब्जे से पाकिस्तान से भेजे गए कथित जिहादी दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं। इसके अलावा जांच एजेंसियों को जानकारी मिली है कि वह मार्शल आर्ट की ट्रेनिंग भी ले रहा था।

उत्तर प्रदेश के देवबंद मदरसे का नाम भी आया

ATS की जांच में आरोपी के उत्तर प्रदेश के देवबंद स्थित मदरसे से जुड़े कुछ संपर्कों की जानकारी भी सामने आई है, जिनकी पड़ताल की जा रही है। फिलहाल एजेंसी आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और उसके नेटवर्क, विदेशी संपर्कों तथा संभावित गतिविधियों की जांच जारी है। हालांकि, अब तक ATS की ओर से मामले को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले का खुलासा हो सकेगा।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!