
गुजरात में अचानक हुई तेज बारिश
गुजरात के मोरबी जिले के टनकारा तालुका में काफी कम समय में बहुत अधिक बारिश हुई। बारिश के कारण कई डैम में जलस्तर अत्यंत अधिक हो गया, जिससे भारी जलजमाव की वजह से जनजीवन काफी प्रभावित हो रहा है। डेमी समेत कई नदियां उफान पर हैं। मोरबी का धुनडा गांव टापू में तब्दील हो गया है। यहां 9 बच्चों समेत 14 लोगों को राष्ट्रीय आपदा राहत बल ने डूबने से बचाया। खाखरा गांव में नदी में बाइक सवार 2 शख्स बह गए। हालांकि उन्हें भी बचा लिया। टंकारा में हाईवे पर कार बह जाने से तीन लोग फंस गए। इन्हें बचा लिया गया है। बनासकांठा के सुईगाम तालुका, गिर सोमनाथ के कोडिनार तालुका और देवभूमि द्वारका के कल्याणपुर में भारी बारिश से यातायात पर असर पड़ा है। उधर, अहमदाबाद के निचले इलाकों में पानी भर गया है।
गुजरात की उफनती नदियां

मुंबई में कुछ जगह जलभराव
मुंबई और आसपास के इलाकों में शनिवार को भारी बारिश हुई। इससे मध्य रेलवे के दोनों मार्गों पर उपनगरीय रेल सेवाएं प्रभावित हुईं। दादर इलाके में सायन और हिंदमाता क्षेत्र में कुछ स्थानों पर जलभराव हो गया है, लेकिन इससे यातायात प्रभावित नहीं हुआ। मध्य रेलवे की हार्बर और मध्य लाइन पर लोकल ट्रेनें देरी से चली।
जोधपुर में सड़क पर बह गए दोपहिया वाहन

जम्मू-कश्मीर में बादल फटा
जम्मू-कश्मीर में कुलगाम जिले के सरबद्री होमपथरी गांव में बादल फटने से 17 साल के लड़के की मौत हो गई। वहीं, जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी बारिश से रामबन और उधमपुर में भूस्खलन हुआ जिससे राजमार्ग बंद रहा। हालांकि शाम को यहां ट्रैफिक बहाल हो गया।
हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन
हिमाचल प्रदेश के मनाली-लेह मार्ग पर भूस्खलन से कोकसार के पास मार्ग बंद हो गया।
असम में बाढ़
असम में करीब 453 गांव बाढ़ से प्रभावित हुए हैं और 5,272 हेक्टेयर में लगी फसल को नुक्सान पहुंचा है। करीमगंज को सबसे अधिक नुक्सान पहुंचा है, यहां बाढ़ से 1.53 लाख प्रभावित हुए हैं। यहां करीब 269 लोग बचाव कैंप में रह रहे हैं। असम में बारपेटा, लखीमपुर, जोरहाट, करीमगंज, कछार, धेमाजी, कार्बी आंगलांग और विश्वनाथ जिलों में 2.80 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं।
हरियाणा में फसलें तबाह
हरियाणा में भी भारी बारिश से फसलों को काफी नुकसान हुआ है। यहां पर करनाल जिले के पिछले 3 दिन से लगातार बारिश हो रही है जिससे 40 फीसदी जमीन पर धान की खेती बर्बाद हो चुकी है। पंजाब के बरनाला जिले में भी बारिश से ऐसे ही हालात बने हुए हैं।
दिल्ली में बारिश बनी आफत

चेतावनी
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार और उत्तर प्रदेश के पूर्वी इलाके में भारी बारिश कि चेतावनी दी है। वहीं अरुणाचल प्रदेश, उड़ीसा, झारखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गुजरात, गोवा, छत्तीसगढ़ और कर्नाटक में भी मूसलाधार बारिश की संभावना जताई गई है।