कांग्रेस सिंधिया कमलनाथ में उलझी है, भाजपा ने 100 सीट सेट कर लीं, अब 47 सीटों पर नजर

Updesh Awasthee
भोपाल। मध्यप्रदेश में भाजपा की चुनावी तैयारियां शुरू हो चुकीं हैं। हाल ही में सरकारी खर्चे पर सम्पन्न हुई 'नर्मदा सेवा यात्रा' के दौरान भाजपा नेताओं ने 100 विधानसभा सीटों पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। संघ के सर्वे में 'नर्मदा सेवा यात्रा' को भाजपा के लिए फायदेमंद माना गया है। अब शिवराज सरकार 47 आदिवासी सीटों को कांग्रेस से छीनने के लिए 'आदिवासी अधिकार यात्रा' निकालने जा रही है। काबिल ए गौर तो यह है कि मप्र में विपक्ष की एकमात्र सबसे बड़ी पार्टी कांग्रेस अब तक सिंधिया और कमलनाथ के झंझट में ही उलझी हुई है। 'पोल खोल अभियान' के नाम पर भी वो भाजपा का कोई नुक्सान नहीं कर पा रही है। 

भाजपा की जमीन मजबूत करने के लिए शिवराज सरकार आदिवासी अधिकार यात्रा पर निकलने की तैयारी में हैं। इस यात्रा का रोड मैप तैयार हो रहा है। इस यात्रा के दौरान आदिवासी सीएम 47 आदिवासी विधानसभा सीटों में तो जाएंगे ही, वे उन क्षेत्रों में भी जाएंगे जो आदिवासी भले ही न हो पर जहां आदिवासी मतदाता निर्णायक स्थिति रखते हैं। 

पांच महीने की नर्मदा यात्रा के बाद अब उन्होंने संगठन नेताओं से चर्चा के बाद 'आदिवासी अधिकार यात्रा' पर निकलने का प्लान तैयार किया है। यह यात्रा जुलाई माह में शुरू हो सकती है। एक महीने तक चलने वाली इस यात्रा में सीएम आदिवासियों से सीधे रूबरू होंगे और उनसे चर्चा कर यह जानेंगे कि उन्हें प्रदेश सरकार द्वारा इस वर्ग के लिए चलाई जा रही योजनाओं का कितना लाभ मिल रहा है। सूत्रों की माने तो समाधान आनलाइन के बाद सीएम ने अफसरों को निर्देश भी दिए थे कि आदिवासी क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं के लाभ की वे समीक्षा करें। उन्होंने यह भी कहा था कि जिन क्षेत्रों में आदिवासियों को वन अधिकार के पट्टे नहीं मिले हैं, उन्हें चिन्हित कर जल्द ही उन्हें पट्टे दिए जाएं।

नर्मदा यात्रा में कवर हुई 100 विधानसभा सीटें
चुनावी तैयारियों में लगे संगठन ने नर्मदा सेवा यात्रा के राजनीतिक फायदे का आंकलन शुरू कर दिया है। राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल को संगठन नेताओं ने नर्मदा यात्रा के दौरान मिले अपार जनसमर्थन के बारे में बताते हुए कहा कि सीएम की इस यात्रा के दौरान सौ विधानसभा सीटें कवर हो चुकी है। यहां माहौल पार्टी के लिए बेहद सकारात्मक है। रामलाल को 21 मई से विधानसभा क्षेत्रों में उतरने वाले समयदानी कार्यकर्ताओं के काम के बारे में भी जानकारी दी गई। 

सीएम शिवराज दिल्ली में, जेटली नायडू से की मुलाकात
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान दिल्ली में हैं। यहां उन्होंने वित्त मंत्री अरुण जेटली और केंद्रीय शहरी विकास मंत्री वेंकैया नायडू समेत अन्य केंद्रीय मंत्रियों और संगठन पदाधिकारियों से मुलाकात की है। यहां उन्होंने पार्टी नेतृत्व को स्पष्ट किया कि नर्मदा सेवा यात्रा का भाजपा को क्या क्या लाभ मिला। 

जून में आएंगे राहुल गांधी
इधर कांग्रेस 'म्यूट' की स्थिति में है। जनता से उसका संपर्क ना के बराबर है। रुक रुककर अखबारी बयानबाजी होती रहती है। मप्र में कांग्रेस का चैहरा कौन होगा इसे लेकर उठापटक जारी है। जून के लास्ट में राहुल गांधी मप्र आने वाले हैं। इसके बाद फैसला कब होगा यह कोई नहीं कह सकता। हां इतना जरूर कहा जा सकता है कि जब तक कांग्रेस मप्र में चैहरा घोषित करेगी भाजपा 320 में से 150 सीटों पर अपनी जीत पक्की कर चुकी होगी। 

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!