कर्मचारी को चप्पल से पीटने वाले शिवसेना सांसद की हवाई यात्रा बैन

मुंबई। एयर इंडिया के 60 वर्षीय कर्मचारी को चप्पल से पीटने वाले शिवसेना सांसद रवींद्र गायकवाड़ की हवाई यात्रा पर बैन लगा दिया गया है। इससे पहले उनके खिलाफ 2 एफआईआर दर्ज कर ली गईं थीं। मुश्किलें यहां थमने वाली नहीं हैं क्योंकि गायकवाड़ ने ताजा बयान में भी अफसोस जाहिर नहीं किया है। सूत्रों के मुताबिक, यह प्रतिबंध फेडरेशन ऑफ इंडियन एयरलाइंस की ओर से लगाया गया है। 

हालांकि, सांसद को अपने बर्ताव पर जरा सा भी अफसोस नहीं है। उन्होंने कहा, 'मैं माफी नहीं मांगूंगा, मैं क्यों मांगू? पहले उसे (पीड़ित) कहो माफी मांगने के लिए, उसके बाद हम देखेंगे।' सांसद ने दिल्ली पुलिस को चुनौती दी कि अगर हिम्मत है तो वह उसे गिरफ्तार करके दिखाए। हवाई यात्रा पर बैन लगाए जाने को चुनौती देते हुए सांसद ने कहा कि उनके पास टिकट है और उन्हें कोई नहीं रोक सकता। उधर, लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन ने भी सांसद के बर्ताव की आलोचना की है। उन्होंने कहा है कि गायकवाड़ का व्यवहार अस्वीकार्य है। 

एयर इंडिया अब हुड़दंगी यात्रियों के लिए एक उड़ान निषेध सूची (नो फ्लाई लिस्ट) बनाने पर विचार कर रहा है। एयरलाइंस कंपनी के एक सीनियर अधिकारी ने बताया, ‘एयर इंडिया अन्य विमानन कंपनियों की तर्ज पर हुड़दंगी यात्रियों की एक उड़ान निषेध सूची बनाने पर विचार कर रहा है।’ गौरतलब है कि हाल के समय में उड़ान के दौरान यात्रियों के हुड़दंगी बर्ताव की कई घटनाएं दर्ज की गई हैं। पिछले महीने एयरएशिया इंडिया ने बेंगलुरु में शराब के नशे में धुत 2 यात्रियों के खिलाफ पुलिस के पास एक शिकायत दर्ज कराई थी। वे लोग उड़ान के दौरान उत्पात मचा रहे थे। जुलाई 2016 और फरवरी 2017 के बीच यात्रियों के हुड़दंगी बर्ताव की 53 घटनाएं घरेलू उड़ानों में दर्ज की गई। उधर, एयर इंडिया के समर्थन में इंडिगो ने कहा है कि वह हुड़दंगी यात्रियों को रोकने से जुड़ने से जुड़े किसी भी कदम के साथ है।

सांसद पर 2 केस दर्ज
सांसद के खिलाफ गुरुवार को एयर इंडिया के एक कर्मचारी के साथ मारपीट करने और विमान को उड़ान भरने में बाधित करने को लेकर 2 अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। एयर इंडिया के एक प्रवक्ता ने बताया कि गायकवाड़ के खिलाफ 2 अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कराई गई हैं। इनमें से एक प्राथमिकी एयर इंडिया के एक कर्मचारी को चप्पल से मारने और उसे विमान से बाहर फेंकने की कोशिश करने के आरोप में दर्ज कराई गई है। प्रवक्ता ने बताया कि गायकवाड़ एयर इंडिया के कर्मचारी को विमान से बाहर धक्का देने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन वहां मौजूद अन्य कर्मचारियों ने उन्हें बचाया। गायकवाड़ के खिलाफ दूसरी प्राथमिकी दिल्ली से गोवा जाने वाली 115 यात्रियों से भरे विमान को अपने बर्ताव के चलते उड़ान भरने में देरी करवाने के लिए दर्ज करवाई गई है। गायकवाड़ के खिलाफ यह दोनों प्राथमिकी दिल्ली पुलिस में दर्ज कराई गई है।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !