भोजपुर। दहेज नहीं देने पर हैवानियत का यह अपनी तरह का अलग मामला है। शादी के दूसरे ही दिन एक युवती के साथ ना सिर्फ बुरी तरह मारपीट की गई बल्कि उसके प्राइवेट पार्ट में लोहे की रॉड डाल दी गई। दिल दहला देने वाली यह घटना आरा के मुफस्सिल थाना अंतर्गत मैनपुरा गांव में हुई।
बताया जाता है कि एक सेवानिवृत्त शिक्षक ने अपनी पोती रजनी (काल्पनिक नाम) की शादी धूमधान से की। उन्होंने अपनी हैसियत से बढ़कर रजनी के ससुरालवालों को गिफ्ट में दान-दहेज दिया। लेकिन, ससुराल वाले संतुष्ट नहीं हुए। शादी के दिन से ही वे 1.60 लाख रुपए की मांग करने लगे।
दादा के अनुसार जब उन्होंने और रुपए देने से इन्कार कर दिया तो रजनी को शादी की रात से ही प्रताड़ित किया जाने लगा। शादी के दूसरे दिन पति व ससुराल के लोगों ने उसे कमरे में बंद कर पीटा। फिर उसके प्राइवेट पार्ट में लोहे की छड़ डाल दी गई। उसका इलाज आरा सदर अस्पताल में चल रहा है।
एसपी क्षत्रनील सिंह ने बताया कि घटना को लेकर पति व सास-ससुर सहित छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। जांच के बाद आरोप सही पाए जाने पर आरोपियों का स्पीडी ट्रायल करा उन्हें सजा दिलाई जाएगी।