मुंबई। महाराष्ट्र के अहमदनगर जिला स्थित शिर्डी के साईंबाबा मंदिर में भक्तों को अब घंटो कतार में नहीं खड़ा रहना पड़ेगा। उन्हें महज आधे घंटे में दर्शन मिल सकेगा। श्री साईंबाबा संस्थान ट्रस्ट भक्तों के लिए टोकन की व्यवस्था शुरू करने जा रहा है। इसके तहत भक्तों के आने पर एक टोकन दिया जाएगा, जिसमें दर्शन के लिए समय लिखा रहेगा। शर्त यह रहेगी कि भक्तों को दिए गए निर्धारित समय से 15 मिनट पहले आना पड़ेगा। इसके बाद लगभग आधे घंटे के भीतर दर्शन हो जाएगा।
सोमवार को श्री साईंबाबा संस्थान ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. सुरेश हावरे ने बताया कि टोकन की व्यवस्था 12 दिसंबर से प्रायोगिक तौर पर शुरू होगी। भक्तों के आने पर उनका फोटो, अंगूठे का निशान और पते का बायोमैट्रिक रजिस्ट्रेशन किया जाएगा। रजिस्ट्रेशन में एक नंबर जनरेट होगा, जिसे टोकन पर लगाया जाएगा। इसके जरिए भक्त मंदिर में दर्शन स्थल तक पहुंच पाएंगे।
हावरे ने बताया कि बुजुर्ग भक्तों और छोटे बच्चों के साथ दर्शन के लिए आने वाली माताओं को सीधे प्रवेश की व्यवस्था शुरू कर दी गई है। नई व्यवस्था शुरू होने के बाद भक्तों को घंटों लाइन में खड़े रहने से निजात मिल जाएगी।