
आईएएस अधिकारी और बड़वानी के पूर्व कलेक्टर अजय गंगवार मामले में आज कांग्रेस खुलकर सामने आ गई। गंगवार के पक्ष में एक प्रतिनिधि मंडल मंत्रालय में मुख्य सचिव अंटोनी जेसी डिसा से मिलने पहुंचा जिसमें आधा दर्जन कांग्रेस विधायक और युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुणाल चौधरी शामिल थे।
कांग्रेस विधायकों जीतू पटवारी, हरजीत सिंह डंग, रजनीश सिंह, शैलेंद्र पटेल, सौरभ सिंह और युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष चौधरी ने दोपहर में मुख्य सचिव से मुलाकात के दौरान मांग की कि देश के प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की नीतियों के पक्ष में बोलना कहां गलत है। इससे कंडक्ट रूल का कैसे उल्लंघन हुआ और उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों की गई? शासन की कार्रवाई से गलत संदेश जा रहा है।
मुख्य सचिव अंटोनी जेसी डिसा ने कहा कि गंगवार के खिलाफ कार्रवाई नेहरू की नीतियों पर टिप्पणी को लेकर नहीं की गई बल्कि प्रधानमंत्री के खिलाफ उनके द्वारा की गई टिप्पणी को लेकर नोटिस दिया है। उनका जवाब आने के बाद जांच की जाएगी। जांच में जो तथ्य सामने आएगा, उसके बारे में आपको बता दिया जाएगा।