भोपाल। राज्य लोक सेवा आयोग के जरिए हो रही भर्ती के इंटरव्यू में व्यापमं से बड़ा घोटाला हो रहा है। यह आरोप सोमवार को पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने लगाते हुए वर्तमान में चल रहे इंटरव्यू पर तत्काल रोक लगाने की मांग की व प्रोटोकॉल और पारदर्शिता के साथ प्रक्रिया शुरू करने को कहा है।
सिंह का आरोप है कि राज्य लोक सेवा आयोग के बाद होने वाले साक्षात्कार में पीएससी चेयरमैन होने के साथ-साथ एक सदस्य का होना जरूरी है, लेकिन चल रहे साक्षात्कार में पीएससी चेयरमैन बीमार होने के बहाने अनुपस्थित हैं और सिर्फ एक पीएससी मेंबर की उपस्थिति में साक्षात्कार चल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि साक्षात्कार में उन्हीं उम्मीदवारों का चयन होने की आशंका है, जिन्होंने भारी लेन-देन किया है। राज्य लोक सेवा आयोग के जरिए विभिन्न् विभागों में वरिष्ठ अधिकारियों के पद के लिए हुई परीक्षा के बाद चल रहे इंटरव्यू में भारी घपला और भाई-भतीजावाद किया जा रहा है। उन्होंने कहा पीएससी परीक्षा में भी इस तरह के घोटाले की खबरें पूर्व में उजागर हुई हैं।
