भोपाल समाचार, 14 जून 2026: समान नागरिक संहिता जैसे महत्वपूर्ण विषय पर ऑनलाइन कांफ्रेंस के दौरान दतिया के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक की अनुशासनहीनता न केवल नोटिस की गई बल्कि इतनी अधिक थी की मुख्य सचिव को मीटिंग के दौरान ही दोनों को फटकार लगानी पड़ी। मुख्यमंत्री ने भी इस बारे में तीखी टिप्पणी की है।
Chief Secretary Slams Datia Collector and SP, Chief Minister Expresses Displeasure
शनिवार को मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने समान नागरिक संहिता के विषय पर समीक्षा बैठक का आयोजन किया। इसमें सभी जिलों के कलेक्टर और एसपी वर्चुअल उपस्थित थे। मुख्यमंत्री चाहते हैं कि सभी कलेक्टर अपने क्षेत्र से, समान नागरिक संहिता के बारे में जनता को जानकारी दें और सुझाव मांगे लेकिन 55 में से सिर्फ 6 जिलों के कलेक्टर एक्टिव हैं। मुख्यमंत्री समीक्षा बैठक के दौरान सबको मोटिवेट कर रहे थे लेकिन इसी दौरान देखा गया कि दतिया कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े और एसपी सूरज कुमार वर्मा अपने मोबाइल फोन में व्यस्त हैं। यह कृत्य अनुशासनहीनता के दायरे में आता है। जब मुख्य सचिव ने देखा कि वह लगातार मोबाइल फोन में व्यस्त हैं और मुख्यमंत्री की बातों पर ध्यान नहीं दे रहे हैं तो अनुशासन बनाए रखने के लिए मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन को दतिया कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े और एसपी सूरज कुमार वर्मा को फटकार लगानी पड़ी।
मुख्यमंत्री ने कहा: मैं सब देख रहा हूं
मुख्य सचिव डॉ. अनुराग जैन ने नाराजगी जताते हुए कहा, ‘इतना क्या जरूरी है कि आप लगातार मोबाइल पर व्यस्त हैं? बैठक की गंभीरता समझिए।’ सीएम ने भी कहा, देख रहा हूं कि यूसीसी पर इंदौर, जबलपुर, सीधी, गुना, डिंडोरी और खंडवा के कलेक्टर ही बात कर रहे थे। नहीं बोलने वाले भी स्क्रीन पर दिख रहे हैं। यूसीसी में कई जिलों ने कुछ नहीं किया। सरकार को ढाई साल हो गए हैं। अगले ढाई साल फील्ड पर वही अफसर रहेगा, जिसकी परफॉर्मेंस ठीक हो। जुलाई में कलेक्टर-कमिश्नर कांफ्रेंस होगी, इसकी तारीख जल्द घोषित होगी।

