भोपाल, 14 जून 2026: भोपाल शहर में आजकल बहुत सारे लोगों को व्हाट्सएप या टेलीग्राम मोबाइल एप्लीकेशन के जरिए Watch and Earn Money के ऑफर मिल रहे हैं। इसमें बताया जा रहा है की वीडियो देखने के बदले में पैसे मिलेंगे। पुलिस ने इस ऑफर के बारे में एडवाइजरी जारी की है।
Before Accepting ‘Watch and Earn Money’ Offers, Read This Police Advisory First
भोपाल पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर बताया है कि साइबर ठग, घर बैठे आसान कमाई का लालच देकर पब्लिक को अपने जाल में फंसा रहे हैं। शुरुआत में वीडियो देखने, लाइक करने या किसी एप और पोस्ट को रेटिंग देने जैसे आसान कामों के बदले पैसे देने का दावा किया जाता है, लेकिन बाद में यही ऑफर बड़े आर्थिक नुकसान का कारण बन जाते हैं।
क्राइम ब्रांच के अनुसार, ठग आमतौर पर व्हाट्सएप और टेलीग्राम जैसे मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों से संपर्क करते हैं। उन्हें बताया जाता है कि केवल कुछ मिनट का ऑनलाइन काम करके रोजाना हजारों रुपए कमाए जा सकते हैं। भरोसा जीतने के लिए शुरुआत में 50 से 200 रुपए तक या कुछ मामलों में 10 हजार रुपए तक का भुगतान भी किया जाता है।
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती भुगतान मिलने के बाद लोगों को अधिक कमाई का लालच दिया जाता है। इसके लिए "रजिस्ट्रेशन फीस" या "प्रीमियम टास्क" के नाम पर हजारों से लेकर लाखों रुपए तक जमा कराने के लिए कहा जाता है। कई लोग अधिक लाभ के लालच में रकम जमा कर देते हैं। इसके बाद साइबर ठग संपर्क तोड़ देते हैं और पीड़ित का पैसा वापस नहीं मिलता।
इन बातों का रखें विशेष ध्यान
क्राइम ब्रांच ने नागरिकों को सलाह दी है कि किसी भी अनजान लिंक, संदेश या ऑनलाइन जॉब ऑफर पर आंख बंद करके भरोसा न करें। यदि किसी ऑनलाइन कार्य के लिए पहले पैसे जमा कराने की मांग की जा रही है, तो उसे धोखाधड़ी मानकर सतर्क हो जाएं। इसके अलावा बैंक खाते की जानकारी, ओटीपी, पासवर्ड या अन्य व्यक्तिगत विवरण किसी के साथ साझा न करें। पुलिस ने ऐसे संदिग्ध संदेश मिलने पर उन्हें तुरंत ब्लॉक और रिपोर्ट करने की भी अपील की है। केवल विश्वसनीय और अधिकृत ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर ही काम करने की सलाह दी गई है।
साइबर फ्रॉड की शिकायत के लिए ऑनलाइन वेबसाइट और हेल्पलाइन नंबर
साइबर अपराध का शिकार होने या ऐसी किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर नागरिक राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल https://www.cybercrime.gov.in पर स्वयं शिकायत दर्ज कर सकते हैं। इसके अलावा भोपाल साइबर हेल्पलाइन 9479990636 या राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करके अपनी शिकायत नोट करवा सकते हैं।

