भोपाल। मुझे तुमसे कोई प्यार-व्यार नहीं है, न तुमसे शादी करनी है। वो सब तो नाटक था। अब दस लाख रुपए दो नहीं तो रेप केस में फंसाकर तुम्हारी जिंदगी बर्बाद कर दूंगी। ये बातें हैरान जरूर करेंगी, लेकिन राजधानी में एक युवती ने अपने दोस्त के मोबाइल फोन पर कुछ ऐसे ही मैसेज भेजे हैं। युवक ने ऐसे आठ मैसेज अवधपुरी पुलिस को दिए, जिन्हें आधार बनाकर युवती के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। राजधानी का संभवत: ये पहला केस होगा, जिसमें किसी युवती को इन धाराओं के तहत आरोपी बनाया गया हो।
दीपश्री होम्स, अवधपुरी निवासी 29 वर्षीय विपुल त्रिपाठी इन दिनों गांधी मार्केट स्थित मोबाइल फोन के शोरूम पर काम करता है। उसके पिता जीपी त्रिपाठी सब इंस्पेक्टर पद से रिटायर हुए हैं। टीआई शिखा बैस के मुताबिक वर्ष 2012 में उसकी मुलाकात टीला जमालपुरा निवासी मानसी शिवहरे से हुई थी। दोनों में नजदीकियां बढ़ीं। तीन साल बाद मानसी ने विपुल को शादी के लिए कहा। इनकार करने पर युवती उस पर दबाव बनाने लगी। परेशान होकर विपुल ने शादी से इनकार कर दिया।
मैसेज में लिखा जिंदगी बरबाद कर दूंगी
नाराज युवती ने लड़के के मोबाइल फोन पर मैसेज भेजकर दस लाख रुपए की मांग की। मैसेज में लिखा था कि यदि रकम नहीं दी तो रेप केस में फंसाकर तुम्हारी जिंदगी बर्बाद कर दूंगी। उसने इस तरह के आठ संदेश विपुल को भेजे। परेशान होकर विपुल ने अवधपुरी पुलिस से इसकी शिकायत की। पुलिस को सभी संदेश भी दिए। इन्हें आधार बनाकर पुलिस ने मानसी के खिलाफ गंभीर अपराध में फंसाने की धमकी देकर अड़ीबाजी करने की धारा 389, 506 के तहत केस दर्ज कर लिया।
निकाल रहे पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस अब मानसी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही है। केके सहगल की हत्या की डायरी और उसके खिलाफ आई दूसरी शिकायतों को भी देखा जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक उसने महिला थाने में भी विपुल के खिलाफ एक आवेदन दिया था। इसके बाद ही विपुल को पता चला कि मानसी पहले भी आपराधिक षड्यंत्र में आरोपी बन चुकी है।
