सिंहस्थ में भीड़ जुटाने भाजपा के लाख जतन शुरू

Updesh Awasthee
भोपाल। राजनीतिक कार्यक्रम सभा-रैलियों की तरह भाजपा संगठन ने अब सिंहस्थ में भी भीड़ जुटाने की कवायद शुरू कर दी है। 22 अप्रैल को शाही स्नान पर श्रद्धालुओं की अपेक्षित संख्या न जुटने पर पार्टी ने वरिष्ठ नागरिकों को सिंहस्थ स्नान कराने का निर्णय लिया है। अगले शाही स्नान पर सभी जिलों से 5-7 हजार लोगों को उज्जैन बुलाया जा रहा है जहां दीनदयाल विचार मंच के शिविर में भोजन एवं ठहरने की व्यवस्था की गई है।

सिंहस्थ आयोजन के लिए शासकीय स्तर पर व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं की जा रही हैं, लेकिन सत्ता व संगठन दोनों ने ही इसे अपनी प्रतिष्ठा से जोड़ लिया है। पहले शाही स्नान के दिन सरकार को जितनी उम्मीद थी उतने लोग उज्जैन नहीं पहुंचे इसलिए अब संगठन ने प्रदेश के हर जिले में वरिष्ठ नागरिकों को स्नान कराने की योजना बनाई है।

सरकार की तीर्थ दर्शन योजना की तर्ज पर इसमें पार्टी से जुड़े वरिष्ठ सदस्यों को 9 मई को दोपहर बाद अर्थात संतों के स्नान के बाद उज्जैन पहुंचने को कहा गया है। उज्जैन की सीमा से शिविर तक पहुंचाने में पार्टी कार्यकर्ता मदद करेंगे। वहां उन्हें शिप्रा में स्नान कराने के साथ रात्रि विश्राम एवं भोजन की व्यवस्था की गई है।

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता एवं वरिष्ठ नागरिकों को सिंहस्थ स्नान कराने की योजना का समन्वय कर रहे विजेंद्र सिंह सिसोदिया ने बताया कि पार्टी ने पहले ही यह योजना बना ली थी। इसके लिए सभी जिलों में प्रभारियों की तैनाती कर दी गई है। शनिवार को इस संबंध में बैठक बुलाकर सभी कार्यकर्ताओं को पूरा ब्योरा दे दिया गया है। अभी सिंहस्थ के 9 स्नान होना बाकी हैं। अगले महीने 3, 6, 9, 11, 15, 17, 19, 20 एवं 21 मई को प्रमुख स्नान की तिथियां हैं।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!