नई दिल्ली। केंद्र सरकार आगामी माह अपने कार्यकाल के दो साल पूरे करने जा रही है। इस मौके पर बिजली, कोयला और गैरपरंपरागत ऊर्जा मंत्री पीयूष गोयल ने अपने मंत्रालय के अधीन काम करने वाले दस लाख कर्मचारियों को धन्यवाद कहते हुए एक पत्र भेजा है, जिसमें उन्होंने सभी कर्मियों को इतने कम समय में इतनी मेहनत कर बदलाव लाने के लिए शुक्रिया कहा है।
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कर्मचारियों को भेजी गए अपने पत्र में लिखा है, ‘आप में से हर एक ने अपना मन और आत्मा लगाकर हमारे लक्ष्य के प्रति खुद को समर्पित किया। आपके दो साल की कड़ी मेहनत के बाद आज मैं यह पूरे विश्वास और गर्व से कह सकता हूं कि हम लोग तेजी से और पूरे व्यवस्थागत तरीके से नामुमकिन से लगने वाले इस लक्ष्य को मुमकिन में बदलते जा रहे हैं।’
मंत्रालय के अधीन विभागों और संगठनों को निर्देश दिया गया है कि सभी पत्र दस मई तक कर्मचारियों के पास पहुंचा दिए जाएं। पत्र में ऊपर की ओर प्रधानमंत्री और गोयल की तस्वीर छपी है, जिसे 8.5 x 14 इंच के फ्रेम में भेजा गया है ताकि कर्मचारी चाहें तो इसे अपनी दीवार पर भी टांग सकते हैं।
