दमोह। जिले के ग्रामीण इलाकों में जमीनी विवाद के चलते दबंगों के कहर के मामले लगातार सामने आ रहे है। ताजा मामला नोहटा थाने के सिमरी-जालम गांव का है। जहां पर एक युवक के साथ उसके घर में घुसकर मां की मौजूदगी में जमकर मारपीट की गई। इसके बाद युवक के उपर केरोसिन डालकर आग लगा दी गई। बाद में गंभीर हालत में युवक को जिला अस्पताल लाए जाने के कुछ देर बाद ही उसकी मौत हो गई।
मामले के अनुसार सिमरी ग्राम में एक जमीन पर गांव के दबंगो द्वारा अधिकार जताए जाने के बाद जमीन के मालिक के परिवार के साथ लगातार विवाद किया जा रहा था। इसके बाद भी जमीन के मालिक द्वारा जमीन नहीं दिए जाने के बाद दबंगो ने ऐसी घटना को अंजाम दिया कि सुनने वालों के रोंगटे खडे हो गए।
बताया गया है कि नोहटा थाना के सिमरी जालम सिंह निवासी अशोक साहू का विवाद कंछेदी, दिलीप एवं संतोष से जमीन को लेकर चल रहा था। वहीं शनिवार की दोपहर जब घर में अशोक की मां सिया रानी एवं वह अशोक मौजूद था। साथ ही अशोक का बडा भाई अपनी पत्नी के साथ किसी दूसरे गांव में शादी समारोह में शामिल होने गया था। तो इसी दौरान गांव के ही दबंग कंछेदी, दिलीप एवं संतोष के साथ अन्य साथियों ने घर में घुसकर पहले तो अशोक के साथ मारपीट की। वहीं बाद में घर के बाहर ही कैरोसिन डालकर उसे आग लगा दी। मां एवं बेटे के चीखने चिल्लालने के बाद भी कोई बचाने नहीं आया। वहीं अशोक को जिला अस्पताल लाए जाने पर उसने दमोह में दम तोड दिया।
इनका कहना है-
मृतक की मां सिया रानी ने बताया कि गांव के लोग उसकी जमीन पर कब्जा जमाना चाहते थे। जिस पर विवाद चल रहा था। इसी बात पर से उसके बेटे के साथ मारपीट करने के बाद उस पर मिटटी का तेल डालकर आग लगा दी गई। पुलिस अधीक्षक तिलक सिंह ने बताया घटना की जानकारी मिलने के बाद नोहटा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची है। साथ ही आरोपियों के खिलाफ मामला कायम किया गया है। सर्चिंग जारी ही शीघ्र ही आरोपियों को पकड लिया जाएगा।
