मुंबई में 70 करोड़ की जमीन मात्र 1.75 लाख रुपये में

Updesh Awasthee
भाजपा के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र सरकार अपनी पार्टी की सांसद और फिल्म अभिनेत्री हेमा मालिनी पर कुछ ज्यादा ही मेहरबान हो गई है। मुंबई के ओशिवारा इलाके में हेमा की डांस अकादमी के लिए करोड़ों की जमीन कौड़ियो के भाव आवंटित करने के बाद अब राज्य सरकार उनको सवा आठ लाख रुपये वापस भी करेगी।

सूचना के अधिकार के तहत प्राप्त जानकारी से पता चला है कि हेमा को वर्तमान में करीब 70 करोड़ रुपये की कीमत वाली दो हजार वर्ग मीटर की जमीन सिर्फ 1.75 लाख रुपये में दी गई है। आरटीआई कार्यकर्ता अनिल गलगली को मुंबई उपनगर जिलाधिकारी कार्यालय से हेमा मालिनी की नाट्य संस्था को दिए गए भूखंड को लेकर चौंकाने वाली जानकारी मिली है।

आरटीआई के तहत बताया गया है कि हाल ही में हेमा को जो भूखंड अंधेरी तालुका स्थित आंबिवली में दिया गया, वह जमीन गार्डन के लिए आरक्षित है। इस जमीन को हेमा मालिनी की संस्था को सिर्फ 35 रुपये प्रति वर्ग मीटर के रेट से दिया गया है। अनिल गलगली ने बताया कि नया मूल्यांकन ध्यान में रखते हुए दो हजार वर्ग मीटर भूखंड की कीमत 1.75 लाख  तय की गई है। पहले जमा 10 लाख से 1.75 लाख कम कर शेष 8.25 लाख रुपये सरकार को हेमा को लौटाना होगा।

सरकार ने हेमा मालिनी की संस्था को दी गई जमीन की कीमत एक जनवरी 1976 के मूल्यांकन के आधार पर तय की है। 1976 में यह जमीन 140 रुपये प्रति वर्ग मीटर थी। हेमा की संस्था को उसी रेट के 25 फीसदी यानी सिर्फ 35 रुपये प्रति वर्ग मीटर की दर से जमीन दी गई है।

इससे पहले हेमा मालिनी की संस्था को 1997 में अंधेरी के वर्सोवा में भूखंड दिया गया था। उस वक्त उनकी संस्था ने 10 लाख रुपये अदा किए थे। लेकिन, इस जमीन का कुछ हिस्सा सागरी अधिनियम (सीआरजेड) में होने के कारण हेमा ने इस भूमि पर किसी भी तरह का निर्माणकार्य नहीं किया। गलगली ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिख कर मामले का संज्ञान लेने के लिए कहा है। 

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!