विजय माल्या ने न्यूयॉर्क में खरीदा 66.7 करोड़ का पेंटहाउस

Updesh Awasthee
नई दिल्ली। कारोबारी विजय माल्या के खिलाफ एक ओर जहां मनी लॉन्ड्रिंग जांच का मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है वहीं दूसरी ओर खबर आ रही हैं कि शराब कारोबारी ने न्यूयॉर्क के प्रसिद्ध ट्रम प्लाजा में 1 करोड़ डॉलर(लगभग 66.7 करोड़ रुपए) की कीमत वाला एक अपार्टमेंट खरीदा है। टीवी रिपोट्र्स के अनुसार माल्या ने इस पेंटहाउस के लिए 2010 में 40.6 लाख डॉलर का टोकन एमाउंट दिया था।

ये पेंटहाउस विजय माल्या की बेटी तान्या के नाम पर है। खबरों के मुताबिक माल्या को 2015 में ट्रम प्लाजा की ओर से एक पत्र मिला था, जिसमें शेष रकम का भुगतान करने के लिए कहा गया था। जानकारी के अनुसार माल्या ने मार्च 2016 में बाकी रकम का भुगतान किया है। उल्लेखनीय है कि इसी दौरान भारत में प्रवर्तन निदेशालय लोन डिफॉल्ट केस में माल्या पर शिकंजा कस रहा था।

गैर-जमानती वॉरंट का सामना कर रहे माल्या ने गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट में कहा था कि वह एसबीआई के नेतृत्व वाले 17 बैंकों के संघ के 9,000 करोड़ रुपए के कर्ज का समझौता करने के लिए 4400 करोड़ रुपए के पहले प्रस्ताव के अतिरिक्त 2468 करोड़ रुपए और देने को तैयार हैं। कोर्ट द्वारा उनके भारत आने के सवाल पर शांत रहते हुए माल्या ने कहा था कि किंगफिशर एयरलाइंस को चलाने के लिए उन्होंने बहुत प्रयास किए लेकिन ऊंची ईंधन कीमत, अत्यधिक टैक्स और एयरक्राफ्ट इंजन में खराबी की वजह से सब कुछ नष्ट हो गया।

जिसके परिणामस्वरूप उन्हें, उनके परिवार को, यूबी ग्रुप को और किंगफिशर फिनवेस्ट को 6,107 करोड़ रुपए का घाटा हुआ। विदेश मंत्रालय 900 करोड़ रुपए के आईडीबीआई लोन फ्रॉड मामले में मनी लॉन्ड्रिंग जांच के लिए माल्या को देश में वापस लाने के लिए कानूनी विशेषज्ञों के साथ बातचीत कर रहा है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरुप ने कहा कि मंत्रालय ने माल्या के निर्वासन की कार्रवाई का निवेदन किया है जिससे कि जांच के लिए भारत में उनकी उपस्थिति सुनिश्चित हो सके।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!