भोपाल। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में खेतों में गेंहू की फसल काट रहे किसानों में उस वक्त भगदड़ मच गई, जब अचानक उनके बीच 20 फीट लंबा और 50 किलो वजनी अजगर निकलकर रेंगने लगा। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने करीब घंटेभर के रेस्क्यू के बाद अजगर को पकड़कर जंगल में छोड़ा।
नरसिंहपुर जिले की गाडरवारा तहसील के गांव पाचामा में शुक्रवार को किसान गेंहू की कटाई कर रहे थे। यह गांव जिला मुख्यालय से करीब 65 किमी दूर है। गेंहू काटते हुए अचानक गांववालों को खेतों में सरसराहट महसूस हुई। कुछ देर बाद उन्होंने देखा कि उनके बीच 20 फीट लंबा अजगर रेंग रहा है। अजगर को सामने देखते ही लोगों में भगदड़ मच गई। वहां मौजूद एक किसान अशोक पटेल ने इसकी इत्तला वन विभाग को दी। फारेस्ट अधिकारी राम दर्शन कौरव के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद अजगर को पकड़ा जा सका।बाद में उसे ले जाकर जंगल में छोड़ दिया गया।