भोपाल उत्सव मेला: अकेले गए तो बाउंसर्स बाहर फैंक देंगे

Updesh Awasthee
भोपाल। भोपाल उत्सव मेले के दौरान छुट्टी के दिन केवल परिवार सहित आने वालों को ही प्रवेश दिया जाएगा। व्यवस्थाएं दुरुस्त बनाए रखने के लिए मेले में इस बार बाउंसर्स भी रहेंगे। इसके अलावा मेले में स्वास्थ्य शिविर भी लगाया जाएगा।

यह जानकारी बुधवार को भोपाल उत्सव मेला समिति के महामंत्री संतोष अग्रवाल और उपाध्यक्ष राजेश जैन (अतुल) ने संवाददाताओं से चर्चा में दी। अग्रवाल ने बताया कि मेले के 25वें वर्ष में स्टालों की संख्या लगभग 600 तक पहुंच गई है। सुरक्षा की दृष्टि से मेला प्रांगण एवं प्रवेश द्वारों पर सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जाएगी। मेले में इस बार 40 झूले और जापानी तकनीक से बनी लाइटिंग लोगों को आकर्षित करेगी। 12 ज्योर्तिलिंग के साथ 24 फीट ऊंचे महाकालेश्वर शिवलिंग की झांकी इस बार विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी ।

अग्रवाल के मुताबिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों में माता जागरण, हास्य कलाकार वीआईपी, प्रसिद्ध भजन गायक अनूप जलोटा, प्ले बैंक सिंगर अनुराधा पोडवाल और गजल गायक जसवंत सिंह के गीतों से सजी शाम का आयोजन होगा। मेले में मुशायरे के साथ ही कवि सम्मेलन का आयोजन भी किया जा रहा है।

जनसेवा के लिए स्वास्थ्य शिविर और कंबल वितरण
जैन ने बताया कि इस बार विदर्भ में आत्महत्या कर रहे किसानों को लाभ पहुंचाने उनके संतरों को सीधे ग्राहकों तक पहुंचाने के लिए बिना शुल्क के जगह दी जा रही है। मेले के दौरान 17 जनवरी को स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा। इसके अलावा 1 से 15 जनवरी के बीच एक हजार कंबल गरीबों को समिति द्वारा वितरित किए जाएंगे।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!