जबलपुर। मेडिकल से 11 अगस्त को बाहर किए गए आकस्मिक कर्मचारियों के जल सत्याग्रह को विफल करने पहुंची पुलिस ने बल प्रयोग कर कर्मचारियों को बाहर निकाला। कर्मचारी नौकरी पर बहाली की मांग को लेकर लम्हेटा घाट में प्रदर्शन कर रहे थे, जिन्हें पुलिस निकालकर गढ़ा पुलिस थाना ले गई है।
जानकारी के अनुसार मेडिकल के 341 कर्मचारियों को 11 अगस्त 2015 को सेवा से बाहर कर दिया था, जिसके से कर्मचारी आंदोलन कर रहे हैं। सीएम शिवराज सिंह ने इन्हें आश्वासन दिया था, लेकिन एक माह बाद भी कुछ नहीं हुआ, जिसके बाद शुक्रवार सुबह से इन्होंने लम्हेटाघाट में जल सत्याग्रह शुरू कर दिया था। पुलिस ने लम्हेटा घाट पहुंचकर बल पूर्वक कर्मचारियों को पानी से बाहर निकाला और गढ़ा थाना ले गई।
थाने में प्रदर्शन
जल सत्याग्रह करने से रोकने और कर्मचारियों को पुलिस थाना लेकर आई पुलिस द्वारा भांजी गई लाठियों के विरोध में कर्मचारियों ने गढ़ा थाना पहुंचकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। महिला कर्मचारियों ने महिला पुलिस पर लाठियां भांजने का आरोप लगाया है।