भिण्ड। पिछले दिनों औचक निरीक्षण के दौरान निलंबित किए गए शिक्षकों की मंगलवार को कलेक्टर ने डाइट में क्लास लगाई। इस दौरान उन्होंने निलंबित शिक्षकों से कहा कि वे अनुशासन की परिभाषा बताएं। कलेक्टर के इस प्रश्न के जवाब में निलंबित शिक्षकों के सर्दी में पसीने छूट गए।
गौरतलब है कि पिछले दिनों कलेक्टर इलैया राजा टी ने मानपुरा, बाराकला, चरथर सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित शासकीय स्कूलों का औचक निरीक्षण किया था। जिसमें उन्हें जहां किसी स्कूल में ताला मिला तो किसी से शिक्षक ही गायब मिले। ऐसे अनुपस्थित शिक्षकों को कलेक्टर ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था। साथ ही निलंबित शिक्षकों को बीटीआई स्थित डाइट में ट्रैनिंग करने के निर्देश दिये थे।
डाइट पर ली क्लास, एक-एक को किया खड़ा
कलेक्टर इलैया राजा डाइट पहुंचे और कमरा नंबर तीन में सभी निलंबित शिक्षकों की क्लास लगाई। इस दौरान उन्होंने सभी शिक्षकों को एक-एक करके खड़ा किया और उनसे अनुशासन की परिभाषा बताने के लिए कहा। कलेक्टर के इस प्रश्न को सुनते ही सर्दी के इस मौसम में निलंबित शिक्षकों को पसीना आ गया। किसी ने जवाब दिया तो किसी ने शर्म से अपना सिर झुका लिया। इसके बाद कलेक्टर ने सभी शिक्षकों को अनुशासन क्या होता है इसका पाठ विस्तार से पढ़ाते हुए शिक्षकों को उनके सही कार्य का एहसास कराया।
