यहां तो विधायकों की सुनवाई नहीं होती, जनता की क्या होगी

Updesh Awasthee
भोपाल। मप्र में शिव'राज' चल रहा है। शुरूआत के 3 साल बड़े संवेदनशील थे, इसके बाद के 5 साल विकासशील रहे, लेकिन तीसरी बार जनादेश मिलने के बाद तो प्रदेश के हालात ही बदल गए। सबकुछ खुलेआम चल रहा है। जहां तक शिकायतों की बात है तो विधायकों की शिकायतों पर ही कार्रवाई नहीं हो रही। वो सबूत पेश करते हैं, अधिकारी उन्हें फाइल में बंद करके रख लेते हैं। अब ऐसे में क्या उम्मीद की जाए कि आम जनता की शिकायतों पर कोई कार्रवाई होगी। पढ़िए गुना एवं सागर जिले के विधायकों का दर्द:

गुना के भाजपा विधायक पन्‍नालाल शाक्य ने कुछ दिन पहले जिला स्तर के अधिकारियों की एक बैठक में कह दिया कि यदि अधिकारी पचास फीसदी भ्रष्‍टाचार करने के बाद पचास फीसदी काम भी ईमानदारी से कर दें तो जनता का भला हो जाएगा।

गुना जिले के चाचौड़ा विस सीट से भाजपा विधायक ममता मीणा ने तो यहां कह दिया कि करोड़ की लागत वाले एकलव्य छात्रावास का घटिया निर्माण करने वाले ठेकेदार और पीडब्ल्यूडी के स्थानीय अफसरों की शिकायत कलेक्टर-कमिश्नर से लेकर प्रमुख सचिव प्रमोद अग्रवाल से तक की गई। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

छिंदवाड़ा विस सीट से भाजपा विधायक व पूर्व मंत्री चौधरी चंद्रभान सिंह की है। पूर्व मंत्री सिंह ने कॉलेज परिसर में बनने वाले छात्रावास के घटिया निर्माण की कई बार शिकायत की, लेकिन पीडब्ल्यूडी के अफसरों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।

सागर जिले की बीना विस सीट से बीजेपी विधायक महेश राय का कहना है कि मुख्यमंत्री अधोसरंचना में शहर में 60 करोड़ की सड़क स्वीकृत हुई थी। निर्माण कार्य की छह शिकायतें की गई, लेकिन कार्रवाई कुछ नहीं हुई।

जुलाई माह में बैतूल के घोड़ाडोंगरी से बीजेपी विधायक सज्जन सिंह उईके ने आईटीडीपी योजना के तहत गरीबों को शत- प्रतिशत अनुदान पर मिलने वाले डीजल पंप में भ्रष्टाचार का मामला कलेक्टर के सामने उठाया। जांच के आदेश दिए। जांच में 21 लाख से अधिक की गड़बड़ी पाई गई लेकिन असली जिम्मेदारों पर कार्रवाई नहीं।

अगस्त माह में बैतूल के बीजेपी विधायक हेमंत खंडेलवाल ने शहर में आरएडीआरपी योजना के तहत 11 करोड़ से केबलीकरण एवं पोलटाप बाक्स का काम कर रही बीएस ट्रांसकाम कंपनी पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। ऊर्जा मंत्री से शिकायत की। अब तक न जांच पूरी हुई न कार्रवाई हुई।

जुलाई माह में चौरई से भाजपा विधायक रमेश दुबे ने कृषि विभाग के अफसरों पर कृषि मंत्री गौरीशंकर बिसेन के सामने नकली खाद-बीज सप्लाई कराने का आरोप लगाया। विधायक की मांग पर हुई जांच में बीज अमानक पाया गया लेकिन किसी दोषी पर कार्रवाई नहीं।

सुरखी की भाजपा विधायक पारुल साहू ने घटिया निर्माण की 18 शिकायतें अलग-अलग विभाग के अधिकारियों से की लेकिन कार्रवाई एक में नहीं हुई।

बंडा के बीजेपी विधायक हरवंश सिंह का कहना है कि कंदवा हाई स्कूल भवन के निर्माण में गड़बड़ी की शिकायत संभाग कमिश्नर, कलेक्टर से की। अधिकारी जांच करने ही नहीं गए तो कार्रवाई का सवाल ही नहीं उठता।

सागर के बीजेपी विधायक शैलेंद्र जैन की इंजीनियर नहीं सुनते। मोंगा बंधन का काम 6 माह से बंद है। उन्हें इंजीनियर काम बंद होने कारण नहीं बता रहे हैं। तिली- जिला अस्पताल से मुख्य बस स्टैंड की सीमेंट रोड निर्धारित मापदंडों से नहीं बनाई गई। उन्होंने मंत्री से शिकायत की लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।

मुझसे किसी विधायक ने शिकायत नहीं की
हमारी पार्टी के किसी विधायक ने इस तरह की शिकायत हमसे नहीं की है। जहां तक गुना विधायक द्वारा बैठक में सार्वजनिक तौर पर अफसरों पर भ्रष्टाचार करने की बात कही है तो उनसे बात करेंगे। विधायकों की नाराजगी को दूर कर देंगे।
नंदकुमार चौहान
प्रदेश अध्यक्ष बीजेपी मप्र।

  • इनपुट: राजीव शर्मा/अच्छेलाल वर्मा, पत्रकार, भोपाल

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!