आतंकवाद: मीडिया की जिम्मेदारी

Updesh Awasthee
राकेश दुबे@प्रतिदिन। पेरिस में आतंकी विस्फोटों की जिम्मेदारी आइएसआईएस ने ली है। एक सौ पचास से ज्यादा मारे गए हैं। विस्फोट सुनियोजित ढंग से किए गए। विस्फोट,बर्बर हमला अप्रत्याशित और दहलाने वाला था। हमले की टाइमिंग भयावह थी। उदारतावादी और जनतांत्रिक समाज को अपने आतंक के आगे झुकाना चाहती थी।

आतंकवाद इसी तरह काम करता है। सारी दुनिया को अपने जैसा बना लेना चाहता है। आतंक ऐसा हिंसक व्यापारी है, जो आतंक फैलाकर समाजों को अपने आगे नतमस्तक करना चाहता है या प्रतिक्रिया में अपने जैसा बना लेना चाहता है। इसके विपरीत ‘फ़्रांस का मीडिया न हड़बड़ी में था, न उत्तेजित। शांत और ठहरे हुए तरीके से समाचार। बीच-बीच में विजुअल्स भी। किसी भी चैनल में एक खबर भी ऐसी नहीं है, जो कहती हो कि आपातकाल लगाना गलत है। वहां यह राष्ट्रीय संकट पर राष्ट्र की एकजुट प्रतिक्रिया थी। 

भारत की तरह किसी ने इस भीषण आतंकवादी हमले के बावजूद राष्ट्रपति ओलांदे का इस्तीफा नहीं मांगा। न इसके पक्ष या विपक्ष पर बहस करने वाले नजर आए। न आपातकाल पर किसी ने आपत्ति की। इसके विपरीत भारत में हम आतंकवाद की ऐसी घटनाओं और खबरों को प्रसारित करने और उनसे निपटने में अब भी कुछ पुराने तरीकों मे बदलाव ही नहीं चाहते। चर्चा आतकवाद से शरू होती है की आतंकवाद का कोई धर्म नहीं होता। जो ऐसा करता है वह सच्चा मुसलमान नहीं। फिर वह सच्चे मुसलमान की व्याख्या और विपरीत कट्टरता पर केन्द्रित हो जाती है। 

बेहतर हो हम ऐसी बहसें न किया करें और आतंकवाद की तह तक पहुंचने की कोशिश करें तभी कुछ काट हो सकेगी। उसके आर्थिक, सामरिक, सामाजिक, मनौवैज्ञानिक और सांस्कृतिक आयामों को धैर्य से समझने की कोशिश करें, उसका तात्कालिक उपचार सरकार के पास हो सकता है, लेकिन मीडिया चाहे तो इस मामले में उपयोगी पहल कर सकता है। 

भारत का मीडिया हर खबर को बड़ी दहला देने वाली खबर की तरह पेश करके अपना रुतबा कायम करता है। उसकी खबर बनाने की तरकीब खबर बनाकर उससे आतंक प्रसार देती है। मीडिया को ही वह तरकीब निकालनी हेागी जो आतंकवाद के नख-दंतों को कमजोर कर सके. नियमित सेनाएं, कड़ा प्रशासन, आतंकी अड्डों पर सीधे हमले आतंकवाद का बहुत कुछ नहीं बिगाड़ सकते। 

श्री राकेश दुबे वरिष्ठ पत्रकार एवं स्तंभकार हैं।
संपर्क  9425022703
rakeshdubeyrsa@gmail.com 

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!