जम्मू। अपने पति से तंग आ चुकी महिला को अपने चंगुल में फंसाकर एक वकील तलाक दिलाने के बहाने उसके साथ महीनों रेप करता रहा। महिला भी उसकी बातों में आ गई, लेकिन जब उसे धोखाधड़ी का पता चला तो उसने पुलिस से मदद मांगी। पुलिस ने मामला दर्ज करने से इंकार कर दिया। अंतत: महिला न्यायालय की शरण में गई जहां से मामला दर्ज करने के आदेश हुए।
प्रकरण बाग-ए-बाहु पुलिस स्टेशन का है। पुलिस एफआईआर 87 में धारा 376 के तहत कार्रवाई कर रही है। एसएचओ विजय चौधरी ने मामले की पुष्टि की है।
पुलिस के अनुसार शादीशुदा महिला ने शिकायत दर्ज कराई कि उसके पति के साथ उसका तलाक का मामला चल रहा है। आरोपी ने उसे कहा कि वह उसके पति से तलाक करा देगा और उससे शादी कर लेगा। यह कह कर वह उसके साथ कई महीनों तक दुष्कर्म करता रहा। अब जब उसे शादी करने के लिए कहा तो मना करने लगा।
महिला का कहना है कि आरोपी ने उसके साथ धोखाधड़ी से दुष्कर्म किया। महिला ने तंग आकर अब उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। आरोपी इश्ताक अहमद राजोरी के मंजाकोट का रहने वाला है।
एसएचओ ने बताया कि पीड़ित महिला ने कोर्ट में इसे लेकर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद कोर्ट की ओर से कार्रवाई करने को कहा गया। इसके आधार पर मामला दर्ज किया गया है। इसके बाद 493 में भी मामला दर्ज होगा।