मुंबई। बॉलीवुड के नवोदित अभिनेता कपिल शर्मा को पशुओं के अधिकार से जुड़े संगठन पीपुल्स फॉर द एथिकल ट्रीटमेंट ऑफ एनिमल्स (पेटा) की ओर से सम्मानित किया जायेगा। कॉमेडी नाइट विद कपिल शर्मा के जरिये दर्शकों के बीच खास पहचान बनाने वाले कपिल को पेटा के 'पर्सन ऑफ दि ईयर' सम्मान से नवाजा जाएगा।
कपिल को कुत्तों के प्रति प्रेम और उन्हें गोद लेने की जागरूकता बढ़ाने के प्रति उनके समर्पण के लिए पशु अधिकार संगठन इस सम्मान से नवाजेंगे।
कपिल ने कहा, मैं पशुओं की मदद करने के लिए मिलने वाले पुरस्कार की बात सुनकर काफी रोमांचित हूं। मुझे लोगों को हंसाना काफी अच्छा लगता है लेकिन हमें यह भी जानना चाहिए कि बिल्लियों और कुत्तों का बेघर होना हंसने की बात नहीं।
कपिल ने खुद भी जंजीर नाम के एक बेघर कुत्ते को गोद लिया है। उन्होंने कहा,जंजीर और मैं इस पेटा पुरस्कार को हमेशा याद रखेंगे और जिस किसी के पास भी समय, साधन और संयम हो, वे कृपया जरुरतमंद कुत्तों या बिल्लियों को छत दें।

