इंदौर। एक युवा व्यापारी अपनी पत्नी की हत्या कर फांसी पर झूल गया। यह सबकुछ उस समय हुआ जब उसका व्यापार अच्छा चल रहा था और दीपावली की सीजन सेल भी थी। पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है परंतु पुलिस ने उसे उजागर नहीं किया है।
मामला चंदन नगर पुलिस थाना क्षेत्र के पंचमूर्ति नगर का है। व्यापारी का नाम राजेश एवं पत्नी का नाम बबीता बताया गया है।
मकान मालिक के मुताबिक, दंपति आर्टिफिशियल हार बनाने का काम करते थे। घर में जगह कम पड़ने की वजह से तीन महीने पहले ही उन्होंने कमरा किराए पर लिया था। दोनों को सोमवार शाम को छह बजे आखिरी बार देखा गया था।
मंगलवार सुबह देर तक दोनों के अपने कमरे का दरवाजा नहीं खोला था। दोपहर करीब एक बजे एक महिला आर्टिफिशियल हार लेने आई थी। काफी देर तक आवाज देने के बाद भी कमरे से कोई बाहर नहीं आया। महिला ने मकान मालिक के बेटे को जानकारी दी।
कमरे का पिछला दरवाजा तोड़ने पर जमीन पर बबीता का शव पड़ा हुआ था, जबकि राजेश फांसी पर लटका हुआ था। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस के आला अफसरों के अलावा फोरेंसिक विशेषज्ञ भी मौके पर पहुंच गए।