इटारसी। समाज में बिगड़ते रिश्तों के तानाबाना एक बार फिर क्रूरतम मोड़ पर पहुंचा। यहां हुई 12वीं की छात्रा की हत्या के मामले में पुलिस ने लड़की के मुंहबोले भाई को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि इसी युवक ने पहले उसका रेप किया और फिर रेप छुपाने के लिए उसकी हत्या कर दी। हत्या भी तड़पा तड़पा कर की गई।
मंगलवार को कोचिंग से लौट रही 12 वीं की छात्रा की हत्या हुई थी। उसके शरीर पर चोट के निशान थे। कपड़े अस्त-व्यस्त थे। उसके साथ दुष्कर्म की आशंका थी। घटना से इटारसी उबल पड़ा था। करीब 5 हजार से ज्यादा लोगों ने सड़क पर आकर प्रदर्शन किया था। पुलिस को इसके चलते आरोपी की गिरफ्तारी पर 25 हजार का इनाम घोषित करना पड़ा था।
एसपी आशुतोष प्रताप सिंह ने शुक्रवार दोपहर प्रेस कॉन्फ्रेंस में मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया हत्या एवं दुष्कर्म के आरोप में अभिलाष दुधमल (22) को पकड़ा गया है। वह घटना से पहले वाली रात (सोमवार को ) वह शराब पीकर स्टेशन पर घूम रहा था। उसे जीआरपी ने पकड़ा था। मंगलवार सुबह ही छोड़ा था। इस दिन छात्रा कोचिंग से घर जा रही थी। उसे आरोपी मिला। पुरानी जान पहचान होने से उसने छात्रा को रोका और उसे उसके साथी से मित्रता होने की धमकी दी। कहा वह इसकी जानकारी उसके परिवार को दे देगा।
छात्रा इससे घबरा गई और आरोपी ने उससे दुष्कर्म किया। छात्रा के रोने और घर वालों को सारी बात बताने की धमकी से आरोपी डर गया और उसने उसकी हत्या कर दी। हत्या करने के बाद वह रिश्तेदार के पास भोपाल चला गया। जहां से पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। आरोपी ने बताया उसने छात्रा के सिर पर पहले छोटे पत्थर से वार किया था। फिर कुछ दूरी पर पड़े बड़े पत्थर को सिर पर मारा। इसके बाद भी वह नहीं मरी तो वह घर से सब्जी काटने का चाकू लाया और उस पर वार किए।