खंडवा। गहने और रुपए लेकर भागी दुल्हन व उसकी मां को शुक्रवार रात करीब 9.30 बजे पुलिस ने आदर्श नगर से गिरफ्तार कर लिया। ये दोनों महिलाएं करीब एक साल से आदर्शनगर में बुजुर्ग के मकान में किराए से रह रही थीं। विवाह करने के बाद दुल्हन और उसकी मां के फरार होने की खबर नईदुनिया में प्रकाशित होने के बाद कॉलोनी वालों ने इन्हें पहचान लिया और कमरे में बंद कर पुलिस को सूचना दे दी। देर रात तक पुलिस दोनों से पूछताछ करती रही।
दुल्हन पूनम उर्फ सीमा और उसकी मां ज्योतिबाई करीब एक साल से आदर्शनगर कॉलोनी में 70 वर्षीय मेघराज जैन के मकान में किराए से रह रही थीं। बुजुर्ग ने बताया कि मां-बेटी ने आठ दिन के लिए रहने को मकान किराए से लिया था इसके बाद से वे मकान खाली नहीं कर रही थीं। क्षेत्र के प्रभाकर जोशी व अन्य लोगांे ने बताया कि दोनों महिलाओं का चरित्र ठीक नहीं है। झगड़ालू भी हैं। इसकी शिकायत भी कई बार मोघट थाने में क्षेत्र के लोगों ने की थी। थाने में कॉलोनी के गोपाल कृष्ण गुप्ता व उनकी पत्नी रेशमबाई ने बताया कि इस लड़की द्वारा विवाह कर फरार होने की खबर नईदुनिया में पढ़ी तो वे और कुछ लोग उसके घर पहुंचे। इस दौरान दोनों ने उनके साथ भी मारपीट की। स्थिति को देखते हुए कॉलोनी वालों ने दोनों को कमरे में बंद कर दिया।
थाने में भी किया झगड़ा
दुल्हन और उसकी मां के गिरफ्तार होने की सूचना मिलते ही मौके पर सलूजा कॉलोनी से पवन और उसकी मां गीता भी पहुंची। पवन ने लड़की को पहचानते हुए पुलिस को बताया कि इसने उससे विवाह किया था और अपनी मां के साथ गहने व रुपए लेकर फरार हो गई थी। यह सुनकर लड़की की मां ज्योतिबाई ने तेवर दिखाते हुए सबूत मांग लिए। इस पर पवन की मां ने उसे विवाह की तस्वीर दिखाई तो वह चौंक गई और विवाह की तस्वीर को छीनकर फाड़ने लगी। इस बीच दोनों के बीच पुलिस के सामने ही हाथापाई शुरू हो गई। पुलिस ने मां-बेटी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।