देहरादून। बार बार मना करने के बाद भी लड़की को घूरने वाले एक युवक की उसी के दोस्त ने हत्या करके आखें निकाल लीं। उसकी दोनों आखें एक प्लेट में रखकर वो फरार हो गया। मृतक जिस लड़की को घूरता एवं फोन पर अश्लील बातें किया करता था वो हत्यारोपी की मंगेतर थी।
नीरज और राजेश सैनी यूपी के मुरादाबाद के रहने वाले हैं। दोनों के बीच दोस्ती थी। नीरज देहरादून में किराए के मकान में रह रहा था। उसने यहीं से पढ़ाई की थी। मुरादाबाद में रहने वाला राजेश सैनी अपने दोस्त नीरज की एक बात से परेशान था। नीरज उसकी मंगेतर को फोन करके परेशान करता था। उसके मुताबिक कई बार नीरज ने उसकी मंगेतर के साथ बदसलूकी भी की थी। राजेश ने कई बार उसे मना किया लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था।
सोमवार को राजेश सैनी मुरादाबाद से देहरादून आया। उसने इस बारे में नीरज को फोन करके बताया भी। रात में राजेश उसी के कमरे पर ठहरा। दोनों ने साथ खाना खाया और शराब पी। उसके बाद नशे में धुत होकर दोनों सो गए लेकिन कुछ देर बाद नीरज ने राजेश के फोन से छेड़छाड़ शुरु कर दी और उसके नंबर देखने लगा। इसी दौरान राजेश की आँख खुल गई।
राजश उसे मारना नहीं चाहता था लेकिन मोबाइल के साथ नीरज को छेड़खानी करते देख राजेश के सिर पर शैतान सवार हो गया और उसने कमरे में रखे लोहे के तवे से नीरज पर हमला बोल दिया। जब नीरज बचकर भागने की कोशिश करने लगा तो राजेश ने उस पर पहले कुकर से वार किया और फिर चाकू से हमला कर दिया। राजेश ने नीरज पर तब तक वार किए जब तक वो मर नहीं गया।
राजेश का गुस्सा यहीं शांत नहीं हुआ. उसने मरने के बाद सब्जी काटने वाले चाकू से नीरज की दोनों आँखे निकाल कर एक प्लेट में रख दी। पूरे कमरे में खून बिखरा पड़ा था। सुबह चार बजे राजेश मौके से फरार हो गया। जिसे बाद में पुलिस ने कॉल डिटेल के आधार पर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

