सतना। मध्यप्रदेश के सतना जिले में छेड़छाड़ का विरोध करने पर आरोपी ने महिला का हाथ काट दिया। उसने कुल्हाड़ी से महिला के हाथ और पैरों पर हमला किया, जिसमें वह बुरी तरह जख्मी हो गई। महिला का एक हाथ धड़ से पूरी तरह अलग हो गया है। उसकी हालत गंभीर है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता अन्नपूर्णा लोनिया (28 वर्ष) ने पुलिस को दिए गए बयान में कहा है कि वह सोमवार को सतना जिले के जसो थाना क्षेत्र के जंगल में बकरियां चरा रही थी, तभी खजेह निवासी गणेश सिंह ने उसके साथ छेड़छाड़ की। उसने जब इसका विरोध किया तो गणेश ने उसके हाथ और पैरों पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इससे उसका एक हाथ धड़ से अलग हो गया और पैरों में गंभीर चोट आई है।
सतना के पुलिस अधीक्षक संजय कुमार ने मंगलवार को आईएएनएस को बताया कि महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे उपचार के लिए जबलपुर भेज दिया गया है।