भोपाल। निशातपुरा इलाके में रविवार देर रात एक युवक ने देसी कट्टे से सिर पर गोली मार कर आत्महत्या कर ली। करीब एक महीने पहले ही ब्याह कर लाई पत्नी के चरित्र पर शक की वजह से उसने इतना बड़ा कदम उठाया। सुसाइड नोट से यह खुलासा हुआ है। मृतक के परिजनों को सोमवार सुबह 11 बजे इस घटना का पता चला।
निशातपुरा पुलिस के मुताबिक अजय सेन (26 साल) विश्वकर्मा नगर के गैस राहत क्वार्टर में अपने परिवार के साथ रहता है। उसका हेयर कटिंग सैलून है। अजय की शादी इस साल पांच जून को बरखेड़ी निवासी नीतू से हुई थी।
मकान के पिछले कमरे में अजय और नीतू रहते थे। नीतू शुक्रवार को मायके गई थी। रविवार रात वह अपने कमरे में सोने चला गया। कमरे में टीवी और कूलर चल रहा था। देर रात उसने अवैध देसी कट्टे को सिर से सटाकर गोली मार ली। कूलर और टीवी की तेज आवाज के कारण परिवार वालों को गोली चलने की आवाज नहीं सुनाई दी। सोमवार सुबह 11 बजे तक जब अजय कमरे से बाहर नहीं निकला तो उसका छोटा भाई शिवा (20 साल) देखने गया। उसने खिड़की से देखा कि अजय खून से लथपथ पड़ा है। उसका सिर बुरी तरह से फट चुका है। उसने तुरंत परिजनों की इसकी जानकारी दी। थोड़ी देर बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
पांच महीने के गर्भ से होने का संदेह
'मेरी पत्नी नीतू पांच महीने के गर्भ से है। ऐसा मुझे संदेह है। उसके गर्भ की जांच कराई जाए। अगर यह सही निकले तो मेरी मौत के लिए उसे ही जिम्मेदार माना जाएगा। अगर ऐसा न हो तो मम्मी-पापा मुझे माफ कर देना।' आत्महत्या करने के पहले अजय ने यह सुसाइड नोट लिखा है। पुलिस को घटना स्थल से यह नोट मिला है। सूत्रों के मुताबिक घटना के बाद ससुराल पहुंची नीतू ने भी बातचीत में बताया है कि अजय उस पर शादी के पहले किसी ओर से संबंध होने का शक करता था।