हरपालपुर/छतपरपुर। शराब के अवैध कारोबार में संलिप्त शराब माफियाओं के विरूद्ध पुलिस द्वारा चलाये जा रहे सघन अभियान में रविवार को हरपालपुर पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर छापामार कार्यवाही कर पचास हजार रूपये कीमत की 20 पेटी अवैध शराब जप्त करने में सफलता प्राप्त की है। जहां पुलिस ने धन्नू यादव के निर्माणाधीन मकान से 10 पेटी शराब जप्त की तो वहीं आंगनवाडी केन्द्र में आंगनवाडी कार्यकर्ता के पति द्वारा छिपाकर रखी गई शराब भी जप्त करने में पुलिस को कामयाबी मिली है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार हरपालपुर नगर निरीक्षक एम.आई.खान को सूचना मिली थी कि ग्राम अमां के आंगनवाडी केन्द्र में शराब छिपाकर रखी गई है। मुखबिर की सूचना पर नगर निरीक्षक श्री खान ने एस.आई. श्री अहिरवार, एएसआई श्री रजक, आरक्षक गगन और जीतेन्द्र की टीम बनाकर जब ग्राम अमां के आंगनवाडी केन्द्र पर दविश दी तो यहां 10 पेटी चीपर रैंज मिरिन्डा शराब मिली, जप्त की गई शराब की कीमत 25 हजार रूपये बताई गई है यह शराब आंगनवाडी कार्यकर्ता रामरति अहिरवार के पति रामहित पिता कन्हैया अहिरवार ने बेंचने के लिए छिपाकर रखी थी।
पुलिस ने धन्नू यादव के निर्माणाधीन मकान पर भी दविश दी और 10 पेटी देशी चीपर शराब जप्त कर ली। यहां भारत यादव व ईश्वर प्रसाद यादव ने धन्नू यादव के निर्माणाधीन मकान में शराब छिपाई थी, कुछ आरोपी पुलिस गिरफ्त में आ गये हैं और कुछ मौके का फायदा उठाकर भाग निकले जिन्हें गिरफ्तार करने का पुलिस प्रयास कर रही है, सभी आरोपियों के विरूद्ध 34 आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

