ग्वालियर। डबरा में मुस्लिम समाज के लोगों ने नई नजीर पेश करते हुये जंगीपुरा रेलवे क्राॅसिंग के पास स्थित मस्जिद में जुमे की नमाज के लिये आये, दुष्कर्म के आरोपी हाफिज के मार्गदर्शन में नमाज पढ़ने से इनकार कर दिया।
समाज के लोगों का कहना था कि इस पवित्र रमजान महीने में हम उससे नमाज नहीं पढ़ेंगे, जिसने गंदा काम किया है। इसे लेकर वहां खासा हंगामा व मारपीट भी हुई, परंतु पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हो गया।
समाज के लोगों ने बताया कि मस्जिद के हाफिज रियाज ने बेटे ओसमा काजी को नमाज पढ़ाने का दायित्व सौंप रखा है। वह जब जुमे की नमाज दोपहर में पढ़ाने आया तो लोग भड़क उठे और विरोध प्रदर्शन करने लगे। लोग दुष्कर्म के आरोपी से किसी कीमत पर नमाज पढ़ने को तैयार नहीं थे। बताया गया कि आक्रोशित लोगों ने हाफिज के साथ मारपीट भी की।
लोगों का आरोप है कि ओसमा ने डेढ़ महीने पहले मदरसे में आने वाली एक लड़की के साथ दुष्कर्म किया था। हालांकि इस संबंध में पुलिस में कोई मामला दर्ज नही हैं। उप पुलिस निरीक्षक जांच अधिकारी आरएस सिकरवार का कहना हैं कि हाफिज के बेटे द्वारा पूर्व में किये गये दुष्कर्म के विरोध में लोग उससे नमाज पढ़ना नहीं चाहते थे, इससे वह हंगामा हुआ। मस्जिद पर ताला लगा दिया गया था, जिसे आपसी समझाइश में खुलवा दिया गया।

