ग्वालियर। होमगार्ड महिला सैनिक ने दतिया जिले के होमगार्ड कमांडेट केके नरौलिया पर 2 साल से बंगले व ऑफिस में दैहिक शोषण करने का आरोप लगाया है। उसने कहा है कि इच्छा पूरी नहीं करने पर कमांडेट अभद्रता करता है और नौकरी से निकालने की धमकी देता है।
बहनोई मानती थी
महिला ने यह आरोप डिवीजनल कमांडेट संगीता डी. कुमार को दिए बयान में लगाए हैं। इस मामले की जांच दतिया जिले के एएसपी भी कर रहे हैं। बयान देने आई महिला होमगार्ड सैनिक ने बताया कि दतिया में उनके बहनोई भी कमांडेट थे। दतिया जिले के कमांडेट केके नरौलिया उनके दोस्त थे। जिसके कारण वह उनको भी अपना बहनोई मानती थी। इसी कारण से उन्होंने मेरी ड्यूटी अपने बंगले पर लगवा ली।
इसलिए रही खामोश
महिला ने आरोप लगाया कि केके नरौलिया ने पहले बंगले पर उसके साथ बुरा काम किया। उसके प्रतिरोध करने पर वह नौकरी से निकालने की धमकी देने लगे। नौकरी जाने की वजह से वह खामोश रही। अब वह दफ्तर में भी मेरे साथ बुरा काम करने लगा।
कलेक्टर व एसपी से भी शिकायत
महिला सैनिक ने बताया मैंने 3 दिन पहले कमांडेट द्वारा दैहिक शोषण किए जाने की शिकायत कलेक्टर और एसपी से भी की है। उसने वहां भी बयान दे दिए हैं। शुक्रवार को उसे डिवीजनल कमांडेट संगीता डी. कुमार ने बयान देने के लिए बुलाया था।
पहले भी लगा था आरोप
लगभग 8 माह पहले भी होमगार्ड सैनिक की विधवा ने केके नरौलिया पर बेटे की अनुकंपा नियुक्ति के लिए उस पर शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डालने का आरोप लगाया था।
निराधार आरोप
आरोप लगाने वाली महिला सैनिक छुट्टी मांगने के लिए आई थी। मैंने उसकी छुट्टी भी स्वीकृत कर दी है। अब वह मुझ पर निराधार दैहिक शोषण के आरोप लगा रही है।
केके, नरौलिया, कमांडेंट
होमगार्ड दतिया ले लिए बयान 'दतिया जिले के होमगार्ड कमांडेट पर दैहिक शोषण का आरोप लगाने वाली महिला सैनिक के बयान ले लिए हैं। अब कमांडेट को अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया जाएगा। इस मामले की दतिया पुलिस भी जांच कर रही है।
संगीता डी. कुमार
डिवीजनल कमांडेट होमगार्ड
