लखनऊ। नई दिल्ली में आम आदमी पार्टी की किसान रैली में राजस्थान के किसान गजेन्द्र सिंह की खुदकुशी का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि आज सुबह लखनऊ से सटे बाराबंकी जिले में एक किसान ने जिलाधिकारी कार्यालय के सामने पेड़ पर फांसी लगाकर जान दे दी। किसान के फांसी पर लटकने की खबर से जिले में सनसनी फैल गई। जिलाधिकारी के साथ एसडीएम तथा एसपी मौके पर डटे हुए हैं।
बाराबंकी के हैदरगढ़ तहसील के किसान आशाराम ने आज सुबह जिलाधिकारी कार्यालय के सामने सडक़ के पास पेड़ पर चढने के बाद अपने गमछे से फांसी लगाकर जान दे दी। कलेक्ट्रेट तिराहे पर किसान के फांसी लगाने की खबर से जिले में सनसनी फैल गई।
जिलाधिकारी के साथ एसडीएम तथा एसपी मौके पर पहुंचे। जिलाधिकारी योगेश्वर राम मिश्रा ने बताया कि आशाराम ने किसी से जमीन बेचने के लिए पैसे ले लिए थे, लेकिन बाद में वह जमीन बेचना नहीं चाह रहा था। उसके साथ के लोगों ने बताया कि किसान काफी उधेड़बुन में था।

