बैतूल में हो रही पत्थरों की बारिश, क्या ये कोई टोटका है

बैतूल। बैतूल जिले के मुलताई तहसील के भिलाई गांव में पत्थरों की बरसात से लोग परेशान है। कोई अचानक आकर यहां रहने वाले लोगों के घरों पर पत्थर फेंकने लगता है। ग्रामीणों की माने तो इसके पीछे कोई अदृश्य शक्ति है,जो उन्हें किसी अनहोनी की चेतावनी दे रही है। कई बार ग्रामीणों ने घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने की कोशिश की, लेकिन नतीजा सिफर रहा।

जानकारी के अनुसार भिलाई गांव की इंदिरा कॉलोनी में पिछले एक सप्ताह से अजीब सी घटना हो रही है। इंदिरा कॉलोनी में स्थित दर्जन भर मकानों पर पत्थरों की बरसात हो रही है। ग्रामीणों ने पत्थर फेंकने वाले का पता लगाने की कोशिश की, लेकिन पता नहीं चल पाया है। अब ग्रामीण इस घटना के पीछे किसी अदृश्य शक्ति (जादू-टोना) का होना समझ रहे हैं। परेशान होकर कुछ ग्रामीणों ने इसकी शिकायत संबंधित पुलिस थाने में दर्ज कराई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पानी की तरह बरस रहे हैं पत्थर
इंदिरा कॉलोनी में रहने वाले ईश्वर डोंगरदिये और विक्की विश्वकर्मा ने बताया कि ३० मार्च की रात में अचानक उनके मकानों पर पत्थर बरसना शुरू हो गए। पहले तो ग्रामीणों ने समझा की कोई असामाजिक तत्व मकानों पर पत्थर मारकर परेशान कर रहा है। इसके बाद दूसरे दिन सुबह से ही मकानों पर पत्थर बरसने लगे। ग्रामीणों ने मिलकर पत्थर मारने वाले का पता लगाने का प्रयास किया, लेकिन मकानों के आसपास कोई नजर नहीं आय। ग्रामीणों की माने तो, उनके मकान पर पानी की तरह पत्थर बरस रहे हैं।

शाम को अचानक बढ़ जाती है पत्थरों की संख्या
गुलाब बुआड़े ने बताया कि दिन में कुछ-कुछ अंतराल के बाद पत्थर आते हैं। इसके बाद शाम होते ही पत्थर आने की संख्या अचानक बढ़ जाती है। पत्थर इतने भारी होते हैं कि, इनसे मकानों पर लगी सीमेंट सीट, कवेलू तक टूट गए हैं। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत पुलिस से की। शिकायत पर पुलिस गांव पहुंची, लेकिन उनके हाथ भी कोई सबूत नहीं लगे।

पूछताछ के दौरान पुलिस के सामने गिरे पत्थर
पुलिस ग्रामीणों से पूछताछ कर रही थी, इस दौरान भी कुछ मकानों पर पत्थर आए। इसके बाद पुलिस ने भी पूरे गांव में घूमकर पत्थर फेंकने वालों का पता लगाया, लेकिन कोई नहीं मिला। अब ग्रामीण इस घटना को जादू-टोने से जोड़ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि किसी ने गांव पर जादू-टोना कर दिया है। जिससे पत्थर मकानों पर गिर रहे हैं।

पुलिस से मांगी जादू-टोना करने वाले का पता लगाने की अनुमति
मकानों पर गिर रहे पत्थरों से ग्रामीण इतने डर गए है कि पुलिस थाना पहुंचकर ग्रामीणों ने जादू-टोना करने वाले का पता लगाने के लिए गांव में खटौली चलाने की अनुमति मांगी। हालांकि पुलिस ने जादू-टोना से इंकार करते हुए ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण नहीं माने। ग्रामीणों ने पत्थरों को रोकने के लिए गांव के बरमदाना बाबा के मंदिर में सामूहिक अनुष्ठान भी किया। इसके बाद भी पत्थरों का मकानों पर गिरना जारी है।

क्या है खटौली
ग्रामीणों में खटौली को लेकर अंधविश्वास अभी भी फैला हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार खटिया के समान खटौली होती है। खटौली को चार लोग पकड़ते हैं। यह चारों लोग मंत्रों की शक्ति से चलते हैं। जादू-टोना करने वाले के घर पर खटौली पहुंचती है।

गांव में तैनात हुई पुलिस
टीआई एसके सिंह ने बताया कि घरों पर पत्थर आने को लेकर ग्रामीणों में अंधविश्वास फैल गया है। ग्रामीणों का अंधविश्वास दूर करने के लिए गांव में एएसआई के नेतृत्व में पुलिस कर्मी को तैनात कर दिया है। जल्द ही घरों पर पत्थर फेंकने वालों का पता लगाया जाएगा।


भोपाल समाचार से जुड़िए
कृपया गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें यहां क्लिक करें
टेलीग्राम चैनल सब्सक्राइब करने के लिए यहां क्लिक करें
व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए  यहां क्लिक करें
X-ट्विटर पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें
फेसबुक पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें
समाचार भेजें editorbhopalsamachar@gmail.com
जिलों में ब्यूरो/संवाददाता के लिए व्हाट्सएप करें 91652 24289

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!